रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तोड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार, नई प्रतिमा स्थापित
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में VIP चौक स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा से तोड़फोड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने मात्र 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से पूरे शहर में आक्रोश फैल गया था, जिसके बाद पुलिस ने तीन विशेष टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
आरोपी की पहचान मनोज कुर्रे के रूप में, बताया जा रहा मानसिक रूप से कमजोर
तेलीबांधा थाना क्षेत्र के इस मामले में पुलिस ने मनोज कुर्रे नामक युवक को गिरफ्तार किया है, जो सारंगढ़ के पुसौर का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय आरोपी राम मंदिर के पास घूमते हुए मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर है। तेलीबांधा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की मेडिकल जांच कराई जा रही है, साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने यह कृत्य जानबूझकर किया या मानसिक असंतुलन के कारण।
प्रदर्शन और बवाल के बाद नई प्रतिमा स्थापित
शनिवार रात को हुई इस घटना के बाद छत्तीसगढ़ क्रांति सेना सहित कई सामाजिक संगठनों ने जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी और प्रतिमा की पुनः स्थापना की मांग की थी। रविवार को तेलीबांधा थाना क्षेत्र में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई थी। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई और अंततः सोमवार को छत्तीसगढ़ महतारी की नई प्रतिमा पुनः स्थापित की गई।
पुलिस की तत्परता से शांत हुआ मामला
रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर शहर में शांति बहाल कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की गई, और विशेष टीमों ने उसे रायपुर से ही गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
