यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी आग: 9 यात्री जिंदा जले, कई घायल; पीएम राहत कोष से मुआवजे का ऐलान

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में ग्रेटर नोएडा स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। नोएडा से महोबा जा रही एक निजी डबल-डेकर स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और 9 यात्री जिंदा जल गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। कई अन्य यात्री झुलसकर घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस वीभत्स अग्निकांड ने लंबी दूरी की निजी बसों की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आधी रात एक्सप्रेसवे पर मची चीख-पुकार

यह दर्दनाक हादसा बुधवार रात करीब 12 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर एयरपोर्ट के समीप हुआ। बस नोएडा से रवाना होकर करीब 34 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी थी, तभी चलती बस में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही यात्रियों में भारी अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने आनन-फानन में खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई, जबकि कई लोग अंदर ही फंसे रह गए और बाहर नहीं निकल सके। एक्सप्रेसवे से गुजर रहे अन्य वाहनों के चालकों ने जब बस को धू-धू कर जलते देखा तो वहां हड़कंप मच गया। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस आग की भीषण लपटों से घिरी नजर आ रही है।

पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे, आग के कारणों की जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही जेवर कोतवाली पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा। दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। क्या आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य तकनीकी खराबी के चलते, इसकी फोरेंसिक और तकनीकी स्तर पर गहन जांच की जा रही है। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाया गया है जहां उनका उपचार चल रहा है।

पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा

ग्रेटर नोएडा में हुए इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख प्रकट किया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में हुई मौतों के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया गया है।

राष्ट्रपति, रक्षामंत्री और सीएम योगी ने भी व्यक्त की गहरी संवेदना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है और वे पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हैं। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना का त्वरित संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की और प्रशासनिक अमले को निर्देशित किया कि घायलों के समुचित एवं निशुल्क इलाज की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

Youthwings