मानपुर में किसान प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री और तहसीलदार के बीच जुबानी जंग, वीडियो वायरल

Kamleshwar Patel Tehsildar argument

किसान न्याय यात्रा के दौरान एसडीएम के न पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने किया धरना, तहसीलदार ने पूर्व मंत्री को सुनाई तमीज की नसीहत

 

 

उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के मानपुर में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल और तहसीलदार के बीच तीखी नोकझोक हो गई। मामला इतना बढ़ा कि कमलेश्वर पटेल ने तहसीलदार को आखें न दिखाने की नसीहत दे डाली। इस पर अधिकारी ने भी उन्हें पलटकर जवाब देते हुए तमीज से रहने की सलाह दी।

 

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, किसान न्याय यात्रा के दौरान एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचीं और ज्ञापन नहीं लिया। जिसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। इन सभी की मांग थी कि कलेक्टर उमरिया जब मौके पर पहुंचेगी, तभी यह धरना समाप्त होगा।

 

तहसीलदार पहुंचे मनाने, नोकझोक बढ़ी

मान-मनौव्वल करने पहुंचे तहसीलदार पंकज तिवारी के साथ कमलेश्वर पटेल और कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय कोल की नोकझोंक हो गई। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 

तहसीलदार जब पूर्व मंत्री की ओर देख रहे थे तो कमलेश्वर पटेल ने कहा- “आंख मत दिखाइए।” इस पर तहसीलदार ने भी जवाब दिया- “आप भी तमीज से बात कीजिए।”

 

कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

इसके बाद पूर्व मंत्री के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी और तहसीलदार से बहस करने लगे। इस दौरान तहसीलदार ने कहा- “आप तो मुझे धमका रहे हैं।” इस पर कार्यकर्ताओं ने अधिकारी पर ही धमकाने का आरोप लगा दिया।

 

फिलहाल, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हैं। उनका कहना है कि जब तक कलेक्टर उमरिया मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं नहीं सुनेंगी, तब तक वे धरना जारी रखेंगे। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।

 

Read more- 

MP Congress Donation Campaign: मध्यप्रदेश कांग्रेस हर घर से जुटाएगी 100 रुपये, संगठन मजबूत करने की तैयारी

 

Youthwings