नकली दवा मामले में बड़ी कार्रवाई: दवा कारोबारी के घर से 50 लाख की दवाएं बरामद

रायपुर/सारंगढ़। गोगांव ट्रांसपोर्ट में नकली दवा पकड़े जाने के मामले में जांच की आंच अब सारंगढ़ तक पहुंच गई है। शनिवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सारंगढ़ के सरस्वती मेडिकल स्टोर्स संचालक खेमराम केसरवानी के घर पर छापेमारी की। यहां से करीब 50 लाख रुपये की दवाएं बरामद की गईं। कारोबारी ने अपने मकान के पिछले हिस्से को अवैध दवा गोदाम बना रखा था।

 

बरामद दवाओं में ज्यादातर पेनकिलर, कफ सिरप, सर्दी-जुकाम की दवाएं तथा जेनेरिक दवाएं शामिल हैं। जांच में पाया गया कि इन दवाओं की खरीदी के कोई दस्तावेज नहीं थे तथा इन्हें सुरक्षित तरीके से संग्रहित भी नहीं किया गया था। टीम ने इसे अवैध संग्रहण मानते हुए कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

कुछ दिन पहले ही केसरवानी की दवा दुकान से भी भारी मात्रा में दवाएं बरामद की गई थीं, जिनका कोई रिकॉर्ड नहीं था। खेमराम केसरवानी गोगांव ट्रांसपोर्ट में पकड़ी गई नकली दवा के मामले में भी मुख्य संदिग्ध हैं। उनके मोबाइल से संबंधित दवा की तस्वीर बरामद हुई है, जिसे टीम ने जब्त कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, गोगांव ट्रांसपोर्ट में मिले बिल और केसरवानी के मेडिकल स्टोर्स का संस्थान नाम एक ही है, जिसके आधार पर जांच टीम यहां तक पहुंची।

 

इंदौर तक जाएगी जांच

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के निर्देश पर रायपुर के सहायक नियंत्रक संजय नेताम, टेकचंद धिरहे तथा रायगढ़ के विजय राठौर, अंकित राठौर और सविता रानी साय की संयुक्त टीम ने छापा मारा। नकली दवा मामले की गहन जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो आगे की कड़ियां जोड़ने इंदौर जाएगी।

Youthwings