भूपेश बघेल की गिरफ्तारी की आशंका पर सियासी बवाल: सर्वे करवा रहे अमित शाह, उपमुख्यमंत्री साव बोले— डरने की जरूरत नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी संभावित गिरफ्तारी को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सीधे टैग करते हुए लिखा, “अमित शाह जी! डरूंगा नहीं। तमाम हथकंडे अपनाकर बदनाम करने की कोशिश के बाद अब सर्वे करवाया जा रहा है। चाहे जो हथकंडा अपनाइए, छत्तीसगढ़ की जनता मेरे और कांग्रेस के साथ खड़ी है। मैं कांग्रेस का सिपाही हूं— न डरे हैं, न डरेंगे, लड़े हैं और लड़ेंगे।”

बघेल ने दावा किया कि एक सर्वे एजेंसी की करीब 70 टीमें प्रदेश के विभिन्न इलाकों में घूमकर लोगों से पूछ रही हैं कि क्या भूपेश बघेल को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। भिलाई में उनके साथियों ने ऐसी ही एक टीम को पकड़ा, जिससे मामला खुला। उन्होंने आरोप लगाया कि विधिसम्मत कार्रवाई की बजाय सर्वे कराया जा रहा है। पहले महादेव सट्टा ऐप, अब पीएमओ अधिकारियों के सट्टेबाजी चर्चों के बाद शराब घोटाले में घसीटने की कोशिश हो रही है।

भिलाई में सर्वे टीम पकड़ी गई, थाने में हंगामा

भिलाई के सेक्टर-4 में सर्वे कर रही एक टीम को कांग्रेस नेताओं ने पकड़ लिया। टीम गाजियाबाद की बताई जा रही है और ‘वाट्स इंडिया थिंक’ कंपनी के लिए काम कर रही थी। 6 सदस्यीय टीम 24 सवालों वाला सर्वे कर रही थी, जिसमें सरकार की योजनाएं, कथित शराब घोटाला, चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी तथा भूपेश बघेल की संभावित गिरफ्तारी जैसे मुद्दे शामिल थे।

 

कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर एवं भिलाई महापौर धीरज बाकलीवाल सहित कई नेता टीम को भट्ठी थाने ले गए और एफआईआर दर्ज करने की मांग पर जोरदार प्रदर्शन किया।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव का पलटवार

भूपेश बघेल के पोस्ट पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, “सर्वे कौन करवा रहा है, इसकी जानकारी नहीं है। लेकिन किसी को डराने का विषय नहीं है। जो गड़बड़ नहीं किया, उसे डरने की जरूरत नहीं। बिना तथ्यों के आधार पर बात नहीं करनी चाहिए। आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए।”

अन्य मुद्दों पर साव के बयान

नगरीय निकाय बैठक: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में उत्तर मध्य क्षेत्र के 5 नगरीय प्रशासनों की बैठक हुई। पीएम आवास, स्वच्छता अभियान आदि योजनाओं की समीक्षा हुई। छत्तीसगढ़ पीएम आवास में तीसरे स्थान पर है।

मेट्रो: काम प्रारंभिक स्तर पर है। भारत मेट्रो जाल में तीसरे स्थान पर पहुंचा है, छत्तीसगढ़ में तेज गति से काम होगा।

दलहन-तिलहन: खरीदी की अनुमति ऐतिहासिक कदम है, किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।

साय सरकार के 2 साल: 22 दिसंबर को जांजगीर में भव्य ‘जनादेश पर्व’ का आयोजन होगा।

बघेल के आरोपों से प्रदेश की सियासत में नया तूफान खड़ा हो गया है।

Youthwings