पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह के आरोपों पर बीजेपी विधायक का तंज, ‘कांग्रेस में परेशान तो बीजेपी में आ जाओ’
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच शनिवार को निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने पार्टी नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो जारी कर उन्होंने 5 से 7 लाख रुपये लेकर जिला अध्यक्ष बनाने का दावा किया और सह प्रभारी जरिता लैतफलांग पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा, उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में तत्कालीन कांग्रेस प्रभारी शैलजा कुमारी पर पैसे लेकर टिकट बांटने का आरोप लगाया, जिसके चलते पार्टी को सत्ता गंवानी पड़ी।
इन आरोपों के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इस पर रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बृहस्पति सिंह कांग्रेस के पुराने आदिवासी नेता हैं और वे अपने मन की बात खुलकर बोलते हैं। विधायक मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस का कल्चर हमेशा से आदिवासियों को अपमानित और बेइज्जत करने वाला रहा है। पहले अमरजीत भगत का माइक छीना गया था, अब बृहस्पति सिंह को अपशब्द कहकर अपमानित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में आदिवासियों का अपमान उचित नहीं।”
मिश्रा ने आगे कहा कि कांग्रेस लोकसभा-विधानसभा चुनावों में कहीं नहीं है, फिर भी घमंड कर रही है। उन्होंने बृहस्पति सिंह को सलाह देते हुए कहा, “अगर वे कांग्रेस में परेशान हैं, तो बीजेपी में शामिल हो जाएं। हमारी पार्टी बड़े दिल वाली है, समुद्र में एक लोटा पानी आए या चला जाए, कोई फर्क नहीं पड़ता।”
बृहस्पति सिंह के वायरल वीडियो ने कांग्रेस में हड़कंप मचा दिया है। पूर्व विधायक ने पार्टी नेताओं पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे जिला स्तर पर नाराजगी बढ़ गई है। कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पूर्व विधायक पर बदनामी का प्रयास करने का इल्जाम लगाया है। इस बीच, बीजेपी ने इसे कांग्रेस की आंतरिक कलह बताकर राजनीतिक फायदा उठाने का प्रयास शुरू कर दिया है। मामला अब और तूल पकड़ सकता है, क्योंकि पार्टी आंतरिक जांच की बात कर रही है।
