सोनू सूद और युवराज सिंह को ED का समन, 1xBet सट्टेबाज़ी मामले में 23 और 24 सितंबर को होगी पूछताछ
सोनू सूद और युवराज सिंह
नई दिल्ली। एंटरटेनमेंट और क्रिकेट जगत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध सट्टेबाज़ी ऐप 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह को समन जारी किया है। एजेंसी ने दोनों को पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित मुख्यालय में पेश होने का निर्देश दिया है।
पूछताछ की तारीख तय: युवराज 23 और सोनू सूद 24 सितंबर को होंगे पेश
ईडी के अनुसार, युवराज सिंह को 23 सितंबर और सोनू सूद को 24 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उनसे यह जानने की कोशिश की जाएगी कि क्या उनका इस अवैध सट्टा प्लेटफॉर्म के प्रमोशन या उससे संबंधित किसी वित्तीय लेनदेन में कोई प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से संबंध रहा है।
इससे पहले ये नाम भी आ चुके हैं जांच के घेरे में
इस केस में यह पहला मौका नहीं है जब किसी सेलिब्रिटी को पूछताछ के लिए बुलाया गया हो। इससे पहले अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह और सुरेश रैना के नाम भी इस मामले की जांच में सामने आ चुके हैं।
ईडी यह जांच कर रही है कि सरोगेट ब्रांडिंग के ज़रिए कैसे इन प्लेटफॉर्म्स ने भारतीय कानून की अनदेखी करते हुए प्रचार किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये सट्टेबाज़ी ऐप्स जैसे 1xBat, 1xBat Sporting Lines अपने प्रचार में QR कोड का उपयोग करते हैं, जो सीधे यूज़र को प्रतिबंधित साइट्स पर ले जाते हैं।
सोनू सूद का करियर अपडेट
52 वर्षीय अभिनेता सोनू सूद हाल ही में एक्शन कॉमेडी फिल्म ‘माधा गजा राजा’ में नज़र आए थे। इसके पहले वे अपनी निर्देशित डेब्यू फिल्म ‘फतेह’ में भी अभिनय करते दिखे थे, जिसमें जैकलिन फर्नांडिस, विजय राज और दिब्येंदु भट्टाचार्य भी मुख्य किरदारों में थे।
