नशे में धुत पुलिसकर्मी ने युवक से छीने 2000 रुपये, वीडियो वायरल होने पर जांच शुरू

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत एक पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह एक युवक से बहस करता और अभद्र व्यवहार करता नजर आ रहा है। घटना रायपुर के गंज थाना क्षेत्र की है, जहां पीड़ित युवक ने पुलिसकर्मी पर पैसे छीनने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है।

तलाशी के नाम पर छीने रुपये

जानकारी के अनुसार, यह घटना फाफाडीह शराब दुकान के पास की है। वहां एक पुलिसकर्मी शराब के नशे में युवक को तलाशी के बहाने रोकता है और उसकी जेब से 2000 रुपये निकाल लेता है। जब युवक ने पैसे वापस मांगे, तो पुलिसकर्मी ने देने से मना कर दिया और उससे उलझ पड़ा। इसके बाद दोनों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई, जिससे मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई।

वीडियो वायरल, लोगों ने किया विरोध

मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई और कई लोगों ने पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

थाने में शिकायत, जांच शुरू

पीड़ित युवक ने इस मामले की शिकायत गंज थाने में दर्ज कराई है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि संबंधित पुलिसकर्मी नशे में था। पुलिस प्रशासन ने पीड़ित की शिकायत पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मुआवजा और न्याय का आश्वासन

गंज थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि पीड़ित युवक को मुआवजा और न्याय दिलाने के लिए प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings