शिक्षकों-कर्मचारियों के लिए बड़ा अलर्ट : जून की सैलरी चाहिए तो लगानी होगी ऑनलाइन अटेंडेंस
लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेश के सभी संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर स्कूलों एवं शिक्षा विभाग के कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित व्यवस्था के तहत उपस्थिति दर्ज नहीं होने पर जून माह का वेतन प्रभावित हो सकता है।
VSK ऐप और बायोमैट्रिक सिस्टम से दर्ज होगी उपस्थिति
डीपीआई के निर्देशानुसार 16 जून से शासकीय स्कूलों में कार्यरत सभी शिक्षकीय और गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों की उपस्थिति विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) ऐप के माध्यम से दर्ज की जाएगी। वहीं संभागीय, जिला और विकासखंड स्तर के कार्यालयों, डाइट, बीटीआई और शासकीय शिक्षा महाविद्यालयों में आधार-सक्षम बायोमैट्रिक प्रणाली के जरिए अटेंडेंस दर्ज करने की व्यवस्था लागू की गई है।
कर्मचारियों की जानकारी अपडेट नहीं होने पर नाराजगी
संचालनालय ने विभागीय अधिकारियों को पहले ही कर्मचारियों के सेवा विवरण को पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए थे। हालांकि समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई संस्थानों में कर्मचारियों की जानकारी अब तक अद्यतन नहीं की गई है। इस पर नाराजगी जताते हुए डीपीआई ने सभी अधीनस्थ कार्यालयों को तत्काल रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।
नोडल अधिकारियों की जानकारी भी मांगी
आधार-सक्षम बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली के संचालन के लिए संभाग, जिला और विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की जानकारी मांगी गई थी। विभाग का कहना है कि कई स्थानों से जानकारी प्राप्त नहीं हुई है या फिर त्रुटिपूर्ण विवरण भेजा गया है। ऐसे में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सही जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
वेतन भुगतान से जोड़ा गया ऑनलाइन अटेंडेंस
डीपीआई ने स्पष्ट किया है कि विभाग के सभी शिक्षकीय और गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य है। यदि किसी कर्मचारी की उपस्थिति निर्धारित प्रणाली में दर्ज नहीं होती है तो जून माह का वेतन जारी करने में कठिनाई आ सकती है। विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
