भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिया सामूहिक इस्तीफा, पूर्व सरपंच पर भ्रष्टाचार का आरोप
धमतरी। जिले के ग्राम अछोटा में भाजपा की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। यहां सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक साथ पार्टी से इस्तीफा देकर हड़कंप मचा दिया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि गांव के पूर्व सरपंच पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप हैं, लेकिन शिकायत और जांच के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
भाजपा कार्यकर्ता सामूहिक इस्तीफा देने के लिए जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां कोई वरिष्ठ नेता मौजूद नहीं था। नाराज कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के दरवाजे पर ही इस्तीफा पत्र चिपकाया और लौट गए।

पूर्व सरपंच पर गंभीर आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व सरपंच के कार्यकाल में दीनदयाल उपाध्याय योजना के नाम पर शासकीय जमीन बेची गई। वहीं, तालाब सौंदर्यीकरण के नाम पर लगभग 15 लाख रुपये का गबन किया गया। इसके अलावा तालाबों से मुरुम को अवैध रूप से निकालकर बेचा गया। इन मामलों की शिकायतें प्रशासन और भाजपा नेताओं से कई बार की गईं। जांच में भ्रष्टाचार साबित भी हुआ, लेकिन दोषियों के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया गया।
“शिकायत पर कार्रवाई नहीं, इसलिए इस्तीफा”
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद जब उनकी सुनवाई नहीं हुई, तो उन्होंने सामूहिक इस्तीफे का रास्ता चुना।

