कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन में फिर दिखी गुटबाजी, भूपेश बघेल ने इशारों-इशारों में टीएस सिंहदेव पर कसा तंज
रायपुर/बिलासपुर। बिलासपुर में कांग्रेस का प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन “वोट चोर, गद्दी छोड़” आमसभा के रूप में आयोजित हुआ। इस प्रदर्शन में एक बार फिर कांग्रेस नेताओं के बीच अंतर्कलह खुलकर सामने आई। मंच से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया ने इशारों-इशारों में अपने ही नेताओं पर निशाना साधा।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिना नाम लिए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव पर तंज कसते हुए कहा कि अब मंच पर बैठे नेता यह न कहें कि कांग्रेस की सरकार इसलिए नहीं बनी क्योंकि काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार वोट चोरी की वजह से हारी, न कि काम की कमी से। बघेल का यह बयान हाल ही में सिंहदेव की उस टिप्पणी के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने NHM कर्मचारियों के बीच कहा था कि नियमितीकरण का वादा पूरा न कर पाने के कारण कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।
“जल्द फूटेगा वोट चोरी के खिलाफ हाइड्रोजन बम” – भूपेश बघेल
सभा में भूपेश बघेल ने कहा कि राहुल गांधी ने फर्जी वोटर्स का बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा, “हम अब तक ईवीएम को दोष दे रहे थे, लेकिन राहुल गांधी ने एटम बम फोड़ा है और जल्द ही वोट चोरी के खिलाफ हाइड्रोजन बम फूटेगा।”
बघेल ने राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में खाद की कमी, महंगे बिजली बिल, स्कूलों का बंद होना और कर्मचारियों से बदसलूकी जैसी समस्याएं हैं, लेकिन बीजेपी सरकार को चिंता नहीं है, क्योंकि उन्हें मालूम है कि सरकार वोट चोरी से बनती है। उन्होंने कहा, “काम न होने से हमारी सरकार नहीं गई, बल्कि वोट चोरी की वजह से कांग्रेस की हार हुई।”
“हमारे कार्यकर्ता चमचे नहीं” – शिवकुमार डहरिया
इसी कार्यक्रम में पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया ने नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरणदास महंत पर परोक्ष रूप से हमला बोला। उन्होंने कहा, “हमारे कार्यकर्ता किसी नेता के चमचे नहीं हैं, बल्कि कांग्रेस पार्टी के सच्चे सिपाही हैं। हमें अपने ही लोगों की आलोचना नहीं करनी चाहिए, बल्कि सबको मिलकर पार्टी के लिए काम करना चाहिए।”
दरअसल, कुछ दिन पहले चरणदास महंत ने कांग्रेस भवन में जिलाध्यक्षों की बैठक के दौरान कहा था कि जिलाध्यक्ष अपने-अपने “चमचों” को संभालकर रखें। इसी बयान को लेकर शिव डहरिया ने पलटवार किया।
भाजपा का तंज – “कांग्रेस ने मान लिया कार्यकर्ता चमचे हैं”
इस बीच, भाजपा ने शिवकुमार डहरिया का बयान एक्स पर शेयर कर कांग्रेस पर तंज कसा। भाजपा ने लिखा कि अब कांग्रेस खुद मान रही है कि उनके कार्यकर्ता “चमचे” हैं।
