28–30 नवंबर तक DGP–IGP कॉन्फ्रेंस: नवा रायपुर के सभी मार्गों में सुबह 5 से रात्रि 12 बजे तक बड़ी गाड़ियों की नो एंट्री
नया रायपुर स्थित भारतीय प्रबंध संस्था (IIM) में 28 से 30 नवंबर 2025 तक होने वाली “डीजी कॉन्फ्रेंस 2025” के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। इस त्रिदिवसीय आयोजन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रायपुर प्रवास को देखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक को लेकर विस्तृत प्लान तैयार किया गया है।
पीएम मोदी और अमित शाह के ठहरने की व्यवस्था अंतिम रूप में
छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के ठहरने के लिए विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नया रायपुर स्थित सरकारी आवास को चयनित किया गया है।
एसपीजी (SPG) ने बंगले को अपनी कस्टडी में लेकर वहां उच्च स्तर की सुरक्षा व्यवस्था शुरू कर दी है।
शहर में कड़ी सुरक्षा और 500 से अधिक जवान तैनात
तीन दिनों तक वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए राजधानी में 500 से अधिक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। राज्य के विभिन्न जिलों से अतिरिक्त यातायात कर्मियों को भी रायपुर बुलाया गया है, ताकि शहर में कहीं भी भीड़भाड़ या अव्यवस्था न हो।
डीआईजी प्रशांत अग्रवाल ने दीं अहम हिदायतें
मार्ग प्रबंधन के प्रभारी डीआईजी (बस्तर रेंज) प्रशांत अग्रवाल ने तैनात सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा—
VVIP ड्यूटी के दौरान पूर्ण मुस्तैदी रखें
ड्यूटी पर अच्छी टर्नआउट के साथ उपस्थित हों
मार्गों में अवारा मवेशियों की रोकथाम सुनिश्चित करें
संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दें
यातायात सुचारू रखने के लिए टीमवर्क में कार्य करें
तीन दिनों तक मध्यम और भारी वाहनों पर रोक
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रायपुर के आदेश के अनुसार, 28 से 30 नवंबर तक सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक नया रायपुर क्षेत्र में मध्यम एवं भारी वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा, ताकि वीवीआईपी यातायात निर्बाध रहे।
राजधानी में हाई अलर्ट, ड्रोन सर्विलांस और कड़ी निगरानी
कॉन्फ्रेंस के दौरान राजधानी रायपुर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। महत्वपूर्ण मार्गों, एयरपोर्ट और IIM परिसर के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे।
साथ ही— ड्रोन सर्विलांस, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, एंटी-ड्रोन सिस्टम पूरी तरह सक्रिय रहेंगे।
रायपुर बड़ी कॉन्फ्रेंस के लिए तैयार
विशाल सुरक्षा प्रबंधन और मजबूत यातायात व्यवस्था के साथ रायपुर 28–30 नवंबर तक देशभर के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों और वीवीआईपी मेहमानों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।
