किरायेदारों को बड़ा झटका ! क्रेडिट कार्ड से रेंट पेमेंट पर लगा ब्रेक, PhonePe-Paytm जैसी ऐप्स ने बंद की सेवा, जानिए क्यों

किरायेदारों को बड़ा झटका !

किरायेदारों को बड़ा झटका !

अगर आप भी हर महीने अपने मकान का किराया क्रेडिट कार्ड से मोबाइल ऐप्स के जरिए चुकाते थे, तो अब आपको झटका लग सकता है। PhonePe, Paytm और Amazon Pay जैसी लोकप्रिय फिनटेक कंपनियों ने क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किराया भुगतान की सुविधा को बंद कर दिया है। इस बदलाव के पीछे बड़ा कारण है भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) की ओर से जारी किए गए नए रेगुलेशन, जो 15 सितंबर 2025 से प्रभाव में आए हैं।

क्या है RBI का नया नियम?

आरबीआई के हालिया निर्देशों के अनुसार, अब पेमेंट एग्रीगेटर (PA) और पेमेंट गेटवे (PG) केवल उन्हीं व्यापारियों के साथ लेन-देन कर सकते हैं, जिनका उनके साथ सीधा अनुबंध हो और जिनकी केवाईसी (KYC) प्रक्रिया पूरी हो चुकी हो। इसका अर्थ है कि मकान मालिक, जो कि आमतौर पर इन प्लेटफॉर्म्स पर व्यापारी के रूप में रजिस्टर्ड नहीं होते, अब सीधे पेमेंट प्राप्त नहीं कर सकते।

क्यों थी यह सेवा इतनी लोकप्रिय?

क्रेडिट कार्ड से किराया भरने की सुविधा इसलिए लोकप्रिय हुई थी क्योंकि इसमें उपभोक्ताओं को कई फायदे मिलते थे, जैसे —रिवॉर्ड पॉइंट्स और कैशबैक, ब्याज-मुक्त क्रेडिट पीरियड, आसानी से भुगतान करने की सुविधा।

मकान मालिक को तुरंत पैसा मिल जाता था, और किराएदार को एक महीना का अतिरिक्त समय। लेकिन यह पूरी प्रणाली आरबीआई की नजर में ठीक नहीं थी, क्योंकि मकान मालिकों का केवाईसी नहीं होता था और फिनटेक कंपनियां मार्केटप्लेस मॉडल की तरह काम कर रही थीं, जो कि नियमों के अनुरूप नहीं है।

बैंकों ने पहले ही जताई थी चिंता

फिनटेक कंपनियों से पहले, कुछ बड़े बैंक इस प्रणाली पर सवाल उठा चुके थे। HDFC बैंक ने जून 2024 में क्रेडिट कार्ड से किराया चुकाने पर 1% शुल्क लगाना शुरू किया था। वहीं ICICI बैंक और SBI कार्ड्स ने किराया भुगतानों पर रिवॉर्ड पॉइंट्स देना बंद कर दिया था। मार्च 2024 से ही कई ऐप्स ने यह सेवा अस्थायी रूप से रोक दी थी। कुछ ने केवाईसी जोड़कर दोबारा शुरू की, लेकिन अब RBI के सख्त नियमों के चलते यह रास्ता भी बंद हो गया है।

अब क्या है विकल्प?

अब उपभोक्ताओं को किराया भुगतान के पुराने तरीके अपनाने होंगे, जैसे: सीधे बैंक ट्रांसफर (NEFT/IMPS), चेक के माध्यम से भुगतान, UPI या डेबिट कार्ड का इस्तेमाल (जहाँ अनुमति हो)।

Youthwings