खुदाई में निकले सिक्के अभी तक सार्वजनिक नहीं, ग्रामीणों ने कहा – आखिर पुरातत्व विभाग क्यों छुपा रही सच्चाई

आरंग। छत्तीसगढ़ के आरंग क्षेत्र के ग्राम रीवा में पुरातत्व विभाग की चल रही खुदाई में मिले लगभग 2000-2500 प्राचीन सिक्कों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों और इतिहास प्रेमियों ने आरोप लगाया है कि विभाग यह महत्वपूर्ण जानकारी जनता से छुपा रहा है और इसे सार्वजनिक नहीं कर रहा है।

 

पुरातत्व विभाग पिछले 4-5 वर्षों से इस स्थल पर उत्खनन करा रहा है, जहां से 10वीं ईसा पूर्व के अवशेष और हड़प्पा संस्कृति से संबंधित धरोहरें मिली हैं। इसे सिरपुर के अवशेषों से भी प्राचीन माना जा रहा है। हाल ही में खुदाई में प्राचीन सिक्कों का एक बड़ा जखीरा मिलने की जानकारी सामने आई है।

 

ग्रामीणों के आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि सिक्कों की खोज के बावजूद पुरातत्व विभाग ने उनकी संख्या, उम्र, धातु या ऐतिहासिक महत्व के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है। ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि क्या विभाग को किसी तरह का दबाव है या वह जानबूझकर यह जानकारी छुपा रहा है?

 

संग्रहालय की मांग

ग्रामीणों ने रीवा में एक संग्रहालय बनाने की मांग भी की है, ताकि यहां मिलने वाले प्राचीन अवशेषों को स्थानीय स्तर पर संरक्षित और प्रदर्शित किया जा सके। उनका तर्क है कि यह खोज छत्तीसगढ़ के गौरवशाली अतीत और संभावित हड़प्पा कालीन संबंधों को उजागर कर सकती है।

 

पुरातत्व विभाग की चुप्पी ने उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि विभाग इस मामले में पारदर्शिता दिखाता है या ग्रामीणों के आरोपों के बीच यह विवाद और बढ़ता है।

Youthwings