मां के अंतिम संस्कार में शामिल हुए जोहार पार्टी प्रमुख अमित बघेल, कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद पहुंचे गृहग्राम

रायपुर। जोहार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के संस्थापक अमित बघेल की माता का शुक्रवार को निधन हो गया। न्यायालय की विशेष अनुमति पर पुलिस रिमांड में रहते हुए अमित बघेल शाम को अपनी माता के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

अमित बघेल को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच रायपुर से उनके गृह ग्राम पथरी ले जाया गया, जहां दोपहर बाद उनकी माता का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। डीएसपी रैंक के अधिकारी की निगरानी में आयोजित इस कार्यक्रम में अमित बघेल नम आंखों के साथ अपनी मां को अंतिम विदाई देते दिखे।

गौरतलब है कि अमित बघेल एक दिन पहले ही (गुरुवार को) रायपुर के देवेंद्र नगर थाने में सरेंडर किया और उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया था। इसी दौरान कोर्ट ने उन्हें माता के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति प्रदान की।

अंतिम संस्कार के दौरान छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय समाज के लोग मौजूद रहे।

Youthwings