हिंदू शौर्य कवि सम्मेलन पर विवाद: ‘गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित’ अनाउंसमेंट से बवाल

बिलासपुर। शहर में 31 जनवरी को प्रस्तावित ‘अखिल भारतीय हिंदू शौर्य कवि सम्मेलन’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कार्यक्रम के प्रचार के दौरान किए जा रहे अनाउंसमेंट पर कई सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई है।

आरोप है कि प्रचार सामग्री और घोषणाओं में यह कहा जा रहा है कि कार्यक्रम में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा। इस दावे के सामने आने के बाद सामाजिक संगठनों ने इसे संविधान की भावना और सामाजिक सौहार्द के खिलाफ बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की शर्तें समाज में विभाजन और तनाव की स्थिति पैदा कर सकती हैं।

साथ ही पुलिस ग्राउंड जैसे सरकारी परिसर को आयोजन के लिए उपलब्ध कराए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं। विरोध करने वाले संगठनों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले में स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।

विवाद बढ़ने के बाद पुलिस विभाग की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने कहा कि सभी आयोजनों को निर्धारित नियमों के तहत ही अनुमति दी जाती है। यदि किसी प्रकार से नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आयोजन की अनुमति रद्द भी की जा सकती है।

Youthwings