एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, 48 घंटे में 90 किलो से ज्यादा गांजा जब्त

पिथौरा। महासमुंद जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बीते 48 घंटों में पांच अलग-अलग मामलों में 90.920 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कुल कीमत 45 लाख 46 हजार रुपए आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान विभिन्न राज्यों के 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पहले मामले में सिंघोड़ा थाना क्षेत्र से 38 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 19 लाख रुपए) बरामद किया गया। तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही दो कारों को भी जब्त किया गया। आरोपी ओडिशा के फुलबनी से राजस्थान के झालावाड़ गांजा ले जा रहे थे। इस प्रकरण में मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

दूसरे मामले में 30 किलो 920 ग्राम गांजा (करीब 15.40 लाख रुपए) एक कार से बरामद किया गया। यह खेप ओडिशा के ब्रह्मपुर से रायपुर लाई जा रही थी। पुलिस ने राजस्थान और ओडिशा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

तीसरे प्रकरण में बलौदा थाना क्षेत्र से 3 किलोग्राम गांजा (1.50 लाख रुपए) जब्त किया गया। इसे स्कूटर के जरिए ओडिशा से बिलासपुर जिले के मल्हार ले जाया जा रहा था। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।

चौथे मामले में पिथौरा थाना क्षेत्र से 10 किलोग्राम गांजा (5 लाख रुपए) बरामद किया गया। मोटरसाइकिल से ओडिशा के सोनपुर से मध्यप्रदेश के आगर मालवा ले जाया जा रहा था। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पांचवें प्रकरण में बलौदा क्षेत्र से 9 किलोग्राम गांजा (4.50 लाख रुपए) जब्त किया गया। यह खेप ओडिशा के बैतालभांठा-लखमारा क्षेत्र से कोरबा लाई जा रही थी। इस मामले में भी दो आरोपियों को पकड़ा गया।

जनवरी माह में अब तक जिले में कुल 2067.716 किलोग्राम गांजा और 146 अवैध कफ सिरप जब्त किए जा चुके हैं, जिनकी कुल कीमत 10 करोड़ 31 लाख 24 हजार 108 रुपए बताई गई है। इस दौरान 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एन्ड-टू-एन्ड इन्वेस्टिगेशन के तहत 8 मामलों में 27 लोगों को जेल भेजा गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

Youthwings