महासमुंद में गांजा तस्करी मामले में पुलिस आरक्षक का नाम, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

महासमुंद ।महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के मामले में एक पुलिस आरक्षक का नाम सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सांकरा पुलिस ने इस मामले में एक आरक्षक समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि आरोपी आरक्षक फरार बताया जा रहा है।

 

जानकारी के अनुसार 3 मार्च को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ओडिशा के बरगढ़ जिले के जगदलपुर निवासी टीटू उर्फ सोलन दास (38) को एक स्कूटी के साथ पकड़ा। उसके पास से पीले रंग के कैरी बैग में लगभग 4.87 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

 

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि 1 मार्च को बसना थाना में पदस्थ आरक्षक पीयूष शर्मा और अखराभांठा निवासी धर्मेंद्र सोनी ने उसे करीब 18 किलोग्राम गांजा लाकर दिया था। इस खुलासे के बाद सांकरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 

जांच के दौरान पुलिस ने धर्मेंद्र सोनी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि आरक्षक पीयूष शर्मा फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 18 किलो 47 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक बिना नंबर की स्कूटी, आरक्षक पीयूष शर्मा की बुलेट मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 11 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है।

 

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले भी एक पुलिस आरक्षक चंद्रशेखर साहू को शिवरीनारायण पुलिस ने 15.700 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में एसपी ने 6 फरवरी को उसे बर्खास्त कर दिया था। लगातार पुलिसकर्मियों के नाम गांजा तस्करी के मामलों में सामने आने से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल फरार आरक्षक की तलाश जारी है।

Youthwings