CJP Protest Update: RML अस्पताल पहुंचे राहुल गांधी, जेपी नड्डा और अरविंद केजरीवाल, घायल छात्रों से की मुलाकात

राहुल गांधी

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन अब राजनीतिक रूप से और तेज हो गया है। आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के बाद घायल छात्रों से मिलने के लिए कई विपक्षी नेता अस्पताल पहुंचे, जबकि इस पूरे घटनाक्रम की गूंज अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गई है।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने जाना छात्रों का हाल

मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचकर उपचाररत छात्रों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने छात्रों और उनके परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। इसी दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भी अस्पताल पहुंचे और घायल छात्रों का हालचाल जाना।

अरविंद केजरीवाल ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी पार्टी नेताओं संजय सिंह और आतिशी के साथ आरएमएल अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि कई छात्रों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना पहुंचकर हिरासत में लिए गए छात्रों और दर्ज मामलों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। आम आदमी पार्टी ने प्रभावित छात्रों की सहायता के लिए कानूनी और चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।

read more : जंतर-मंतर पर दोबारा शुरू हुआ CJP का प्रदर्शन, PM मोदी बोले- पेपर लीक के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस कार्रवाई का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा

इस बीच दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। वरिष्ठ अधिवक्ता नरेंद्र मिश्रा ने मुख्य न्यायाधीश को पत्र भेजकर पूरे घटनाक्रम पर स्वतः संज्ञान लेने का अनुरोध किया है। याचिका में स्वतंत्र जांच समिति गठित करने और पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।

सोनम वांगचुक का अनशन जारी

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, जो अस्पताल में भर्ती हैं, ने अपना अनिश्चितकालीन अनशन जारी रखने का निर्णय दोहराया है। वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि संगठन का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर निर्णय नहीं लिया जाता।

Youthwings