छत्तीसगढ़ के बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी, 7 नए जिलों में केंद्रीय विद्यालय जल्द खुलेंगे
रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव की पहल पर प्रदेश के सात नए जिलों में केंद्रीय विद्यालय खोले जाने जा रहे हैं। लोक शिक्षण संचालनालय ने संबंधित जिलों के कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे केंद्रीय विद्यालय खोलने के संबंध में आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर संचालनालय को भेजें।
नए जिलों में केंद्रीय विद्यालय
सर्वप्रथम बालोद, बलौदाबाजार, बलरामपुर, गरियाबंद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में केंद्रीय विद्यालय खोले जाएंगे। प्रस्ताव तैयार होने के बाद राज्य शासन केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय के साथ समन्वय स्थापित करेगा और इन जिलों में विद्यालय खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसके अलावा, कुछ जिलों में नवोदय विद्यालय खोलने पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि प्रदेश के बच्चों को बेहतर स्कूल शिक्षा प्राप्त हो सके।
शिक्षा विभाग की समीक्षा और निर्देश
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विभाग की हाल ही में समीक्षा बैठक लेकर शिक्षा व्यवस्था और गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए थे। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं पर काम करने के संबंध में भी मार्गदर्शन किया। इसी कड़ी में उन्होंने जिलों में केंद्रीय और नवोदय विद्यालय खोलने की पहल की।
मॉडल स्कूल की योजना
केंद्रीय विद्यालयों के अलावा शिक्षा विभाग प्रदेश के विभिन्न स्कूलों को ‘मॉडल स्कूल’ के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रहा है। योजना के तहत हर साल लगभग 1000 से 1500 स्कूलों को बेहतर सुविधाओं, शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था और भवन सुधार के साथ मॉडल स्कूल बनाया जाएगा। इन स्कूलों का संचालन सीधे विभाग के अधीन होगा, न कि सोसायटी के माध्यम से। इसके साथ ही पीएमश्री, सेजेस, इग्नाइट स्कूल और 72 मुख्यमंत्री डीएवी स्कूलों को भी मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।
