उपराष्ट्रपति पद में छत्तीसगढ़ को प्राथमिकता दी जाए: दीपक बैज ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखते हुए मांग की है कि आगामी उपराष्ट्रपति पद के लिए छत्तीसगढ़ राज्य को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि प्रदेश के पास ऐसे कई नेता हैं, जो इस पद की गरिमा और जिम्मेदारियों को निभाने में पूरी तरह सक्षम हैं।
रमेश बैस जैसे अनुभवी नेता हैं योग्य उम्मीदवार
दीपक बैज ने पत्र में रमेश बैस जैसे वरिष्ठ नेता का उदाहरण दिया, जो पूर्व में राज्यपाल के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और उनके पास समृद्ध संसदीय अनुभव भी है। छत्तीसगढ़ ने भाजपा को औसतन 11 में से 10 सांसद दिया है, बावजूद इसके केंद्र में छत्तीसगढ़ को केवल एक राज्यमंत्री का पद दिया गया है।
“राजनीतिक संतुलन जरूरी” – बैज
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे महत्वपूर्ण राज्य को राष्ट्रीय राजनीति में वह स्थान नहीं मिल पा रहा है, जिसका वह हकदार है। उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि छत्तीसगढ़ के किसी नेता को उपराष्ट्रपति बनाया जाना चाहिए।

