रायपुर की नामी होटल में ड्रग्स लेते युवती का वीडियो वायरल…

रायपुर में ड्रग्स के खिलाफ एक बार फिर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवती होटल के कमरे में ड्रग्स का सेवन करती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो गंज थाना क्षेत्र के एक मशहूर होटल का है, जिसे किसी ने होटल के कमरे के बाहर से मोबाइल से रिकॉर्ड किया है।

वीडियो में खुलेआम ड्रग्स का इस्तेमाल

करीब ढाई मिनट के इस वीडियो में युवती एक टेबल पर सफेद पाउडर की लाइन बनाती है, जिसमें वह 500 रुपए के नोट का उपयोग करती है। फिर वह उसे चाटती है और इस दौरान किसी से फोन पर भी बातचीत करती नजर आती है। माना जा रहा है कि पाउडर MDMA या कोकीन हो सकता है। यह वीडियो इस ओर इशारा करता है कि शहर के कुछ होटल, नियमों को ताक पर रखकर नशेड़ियों और अपराधियों को कमरा दे रहे हैं।

होटल में बढ़ती अवैध गतिविधियां, पुलिस के लिए चुनौती

यह पहला मामला नहीं है जब रायपुर के किसी होटल में इस तरह की संदिग्ध गतिविधियां सामने आई हों। पुलिस की सख्ती और समझाइश के बावजूद होटल संचालक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इससे ड्रग्स, जुआ और सेक्स रैकेट जैसी आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।

क्या होता है MDMA और क्यों है यह खतरनाक?

MDMA यानी मिथाइलीनडाइऑक्सी मेथाम्फेटामाइन, जिसे “एक्सटेसी”, “मेफेड्रोन”, “क्रिस्टल” जैसे कोड नाम से भी जाना जाता है। यह एक सिंथेटिक ड्रग है जो नशे की दुनिया में बेहद लोकप्रिय है। इसके सेवन से शरीर में तेज उत्तेजना, मस्ती और नशे की भावना पैदा होती है। लेकिन ज्यादा मात्रा में लेने पर यह जानलेवा साबित हो सकता है। इसकी कीमत बाजार में 10 से 15 हजार रुपए प्रति ग्राम तक होती है।

निगरानी और कार्रवाई क्यों जरूरी है – जानिए कुछ केस से

  • केस 1: जून 2025 में कबीर नगर क्षेत्र में मंदीप सिंह नाम के युवक की ड्रग्स ओवरडोज से मौत हो गई। उसके दोस्त कारोबारी संतोष मिश्रा ने शव को डर के कारण रास्ते में फेंक दिया था।
  • केस 2: तेलीबांधा क्षेत्र में एक मां ने अपने बेटे की ड्रग्स की लत से परेशान होकर पुलिस से शिकायत की थी। जांच में कोरियर के जरिए ड्रग्स मंगाने और सप्लाई करने वाले सिंडिकेट का खुलासा हुआ।

शहर में कहां-कहां बिक रहा नशा?

2025 की शुरुआत से अब तक रायपुर पुलिस ने नशा बेचने वाले 550 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी गांजा, एमडीएमए, एलएसडी, ओजी (विदेशी गांजा), हेरोइन, कफ सिरप और नशे की गोलियों की सप्लाई में लिप्त थे। ओडिशा से गांजा और महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब व हरियाणा से ड्रग्स रायपुर लाए जा रहे हैं।

कोडवर्ड से बिक रहा नशा, शामिल हैं महिलाएं भी

शहर के होटलों, पब और फार्म हाउसों में होने वाली प्राइवेट पार्टियों में ड्रग्स को “क्रिस्टल”, “माल”, “पाउडर” जैसे कोड वर्ड में बेचा जाता है। कुछ सिंडिकेट ऑनलाइन ऐप के जरिए ऑर्डर लेकर एडवांस में पेमेंट लेते हैं और फिर नशीली सामग्री सप्लाई करते हैं। ‘चंदू’ नाम का युवक नाइजीरियन गैंग से जुड़ा है और रायपुर में एक्टिव है। इस गैंग में लड़कियां भी शामिल हैं, जो सप्लाई चेन का हिस्सा बनी हुई हैं।

नशे से बढ़ रहे अपराध

रायपुर समेत प्रदेश भर में नशे के कारण लूट, मारपीट, हत्या और घरेलू हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस के मुताबिक, ऐसे मामलों में पकड़े गए अधिकतर आरोपी किसी न किसी नशे के आदी पाए गए हैं।

Youthwings