Chhattisgarh Morning News: जनादेश परब में शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, सीएम साय का जांजगीर दौरा… सर्वे के नाम पर डराने का आरोप, केरा वैन फेस्ट आज
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज 22 दिसंबर को जांजगीर में जनादेश परब का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर जनता के सामने सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य के समग्र विकास के लिए लिए गए फैसलों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
जांजगीर के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित विशाल आमसभा को केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा संबोधित करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। इस मौके पर पद्मश्री कलाकार अनुज शर्मा सहित अन्य लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। वहीं दो वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित विकास प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें कृषि, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, सहकारिता और बिजली विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल होंगे।
राज्य के विकास पर केंद्रित प्रदर्शनी
जनादेश परब में पीएम सूर्यघर योजना, किसान सम्मान निधि, धान खरीदी प्रक्रिया, आधुनिक कृषि तकनीक, स्मार्ट स्कूल, आईसीटी लैब, महिला सशक्तिकरण, महतारी वंदन योजना, सुपोषण अभियान, रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी आमजन को दी जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की “निरंतर सेवा–निरंतर विकास” की झलक दिखाई जाएगी।
सीएम साय का जांजगीर-चांपा दौरा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 11:35 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का स्वागत करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे जांजगीर के लिए प्रस्थान करेंगे और दोपहर 1:30 से 3 बजे तक जनादेश परब कार्यक्रम में शामिल होकर सभा को संबोधित करेंगे। शाम 4:20 बजे रायपुर लौटेंगे।
सर्वे के माध्यम से डराने का प्रयास: भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दुर्ग में आयोजित सम्मेलन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में सर्वे के जरिए डराने का प्रयास किया जा रहा है और उन्हें शराब घोटाले में घसीटने की कोशिश हो रही है। बघेल ने कहा कि भाजपा डर और ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है, लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं।
केरा वैन फेस्ट आज
छत्तीसगढ़ पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज कैरा वैन फेस्ट का आयोजन अरन्यम्म रिसॉर्ट, माना बस्ती (रायपुर) में किया जाएगा। यह फेस्ट शाम 4 से 8 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम में नाइट कैंपिंग, स्टारगेजिंग, बॉलीवुड म्यूजिक और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का आनंद मिलेगा। यह आयोजन निःशुल्क है, लेकिन पूर्व पंजीकरण अनिवार्य रखा गया है।
मेगा हेल्थ कैंप का समापन
राज्यपाल रमेन डेका आज मेगा हेल्थ कैंप के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाले वॉलंटियर्स का सम्मान किया जाएगा। एक सप्ताह तक चले इस कैंप में आम जनता को विशेषज्ञ डॉक्टरों से निःशुल्क परामर्श मिला।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
रायपुर में आज शैक्षणिक, धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की श्रृंखला रहेगी, जिनमें वार्षिकोत्सव, भागवत कथा, सूर्योपासना महापर्व, निःशुल्क पीएससी कोचिंग और श्याम कीर्तन प्रमुख हैं।
