Chhattisgarh Morning News : सीएम साय का छठ पूजा और जगन्नाथ दर्शन, उपमुख्यमंत्री साव कांकेर दौरे पर
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार सुबह कुनकुरी घाट पहुंचकर छठ महापर्व में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे जगन्नाथ मंदिर पहुंचे और दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रमों के सिलसिले में सुबह 7:40 बजे ग्राम बेमलाटोली पहुंचे और 8:10 बजे अपने गृहग्राम बगिया लौट आए। दोपहर में जशपुर से फरसाबहार रवाना होंगे, जहां दोपहर 2:00 बजे विधानसभा सम्मेलन और आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 3:55 बजे पुनः गृहग्राम बगिया लौटेंगे।
उपमुख्यमंत्री साव का कांकेर दौरा
उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज कांकेर प्रवास पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार कांकेर जिले के गोविंदपुर में बस्तर ओलंपिक-2025 विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद रायपुर लौट आएंगे।
राजधानी में सोना 2100 और चांदी 6500 रुपए टूटी
रायपुर। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोने में 2100 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी में 6500 रुपए प्रति किलोग्राम की भारी गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को सोना 1,25,000 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,50,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू ने बताया कि शुक्रवार को सोना 1,27,100 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,56,500 रुपए प्रति किलोग्राम थी।
आज निगम में पार्षद दल की बैठक लेंगे सभापति
रायपुर नगर निगम की सामान्य सभा 29 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगी, जिसमें शहर विकास से जुड़े एजेंडों पर भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षद चर्चा करेंगे। सभा से पूर्व निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने मंगलवार को अपने कक्ष में दोपहर 12 बजे कांग्रेस पार्षद दल, 12:30 बजे निर्दलीय और शाम 4 बजे भाजपा पार्षद दल की बैठक बुलाई है।
नीट पीजी: NRI-OCI अभ्यर्थियों के दस्तावेज जमा करने की आज अंतिम तारीख
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने नीट पीजी काउंसलिंग के लिए नोटिस जारी किया है। NRI या OCI कोटा के तहत एडमिशन लेने वाले उम्मीदवारों को शिक्षा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के 30 जुलाई दिशा-निर्देशों के आधार पर पात्रता दस्तावेज जमा करने हैं। दस्तावेज 25 अक्टूबर सुबह 10 बजे से 28 अक्टूबर दोपहर 12 बजे तक ईमेल (admissionrel@gmail.com) पर भेजने होंगे।
जरूरी दस्तावेज: नीट पीजी एडमिट कार्ड, स्कोर कार्ड, अभिभावक/रिश्तेदार की NRI स्थिति का प्रमाण, उम्मीदवार और NRI रिश्तेदार के बीच संबंध प्रमाण, 10वीं-12वीं मार्कशीट, जन्म प्रमाण पत्र। समय पर दस्तावेज न जमा करने पर काउंसलिंग से वंचित रहेंगे। अधिक जानकारी mcc.nic.in पर उपलब्ध है।
रणजी ट्रॉफी: मुंबई से 241 रन पीछे छत्तीसगढ़
रायपुर। रणजी ट्रॉफी ग्रुप-डी मुकाबले में मुंबई के बीकेसी ग्राउंड पर तीसरे दिन का खेल रोमांचक रहा। मुंबई ने पहली पारी में अजिंक्य रहाणे (159), सिद्धेश लाड (80) और आकाश आनंद (61) की मदद से 416 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की ओर से आदित्य सरवटे ने 5, रवि किरण ने 3 और अजय मंडल ने 2 विकेट लिए।
जवाब में छत्तीसगढ़ ने 60.3 ओवर में 6 विकेट पर 175 रन बनाए। आयुष पांडेय (50), शशांक चंद्राकर (43) और आशुतोष सिंह (34) ने योगदान दिया। दिन का खेल खत्म होने तक शशांक सिंह (20*) और आदित्य सरवटे (3*) क्रीज पर हैं। टीम मुंबई से 241 रन पीछे है और फॉलोऑन बचाने के लिए चौथे दिन संघर्ष करना होगा।
