Chhattisgarh Morning News: प्रदेश में फिर बढ़ी ठंड की दस्तक, सरगुजा में शीतलहर का अलर्ट, नारायणपुर को 332 करोड़ की सौगात

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड लौट आई है। शुक्रवार से सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है। राजधानी रायपुर में तड़के सड़कों पर कोहरा छाया रहा, जिससे लोगों को ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग ने खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ और सरगुजा संभाग के लिए ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है।

फिर बढ़ेगी ठिठुरन, तापमान में आएगी गिरावट

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके चलते सरगुजा, कोरिया और आसपास के इलाकों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ेगी और शीतलहर का असर साफ नजर आएगा।

इन इलाकों में रहेगा मौसम स्थिर

रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग में अगले चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। इन मैदानी इलाकों में मौसम फिलहाल सामान्य बना रहेगा, हालांकि हल्की ठंड का असर सुबह के समय महसूस किया जा सकता है।

अंबिकापुर सबसे ठंडा, दुर्ग-जगदलपुर सबसे गर्म

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग और जगदलपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

नारायणपुर को विकास की बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर जिला प्रवास के दौरान जिले के विकास को नई रफ्तार देने के लिए 332 करोड़ रुपये की लागत से छह महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की घोषणा की।

इन घोषणाओं में नारायणपुर के ओरछा-आदेर-लंका-बेदरे-कुटरूमैमेड तक 125 किलोमीटर लंबा नया मार्ग, राजनांदगांव–बैलाडीला मार्ग का सुदृढ़ीकरण, नारायणपुर-सोनपुर-मरोड़ा मार्ग का मजबूतीकरण, घुड़साल नाला पर उच्चस्तरीय सेतु निर्माण, अबूझमाड़ क्षेत्र में 10 प्राथमिक स्कूल भवनों का निर्माण, और जिला एजुकेशन हब गरांजी में खेल मैदान की घोषणा शामिल है।

इन परियोजनाओं से आदिवासी अंचलों में सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Youthwings