छत्तीसगढ़ में घरेलू उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत, 1 दिसंबर से शुरू होगी ‘बिजली बिल हाफ योजना

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी राहत भरी घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई वाली सरकार ने ‘बिजली बिल हाफ योजना’ के तहत 1 दिसंबर से एक नई स्कीम शुरू करने का ऐलान किया है।

इस योजना के अंतर्गत, प्रति माह 400 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को पहले 200 यूनिट तक की खपत पर आधे दर पर बिजली का लाभ मिलेगा। इसका सीधा मतलब है कि 200 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं का बिल आधा हो जाएगा। वहीं, 200 से 400 यूनिट के बीच खपत करने वालों को पहले 200 यूनिट पर ही आधे दर का लाभ मिलेगा। इस योजना से राज्य के 45 लाख घरेलू उपभोक्ताओं में से 42 लाख से अधिक लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि राज्य में रूफटॉप सोलर की मांग तेजी से बढ़ी है, जिसके 1 लाख से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं और 12,000 से अधिक प्लांट लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सोलर प्लांट लगाने में समय लगने के कारण, उपभोक्ताओं को तत्काल राहत देने के लिए यह नई योजना शुरू की जा रही है।

साय ने यह भी कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी जारी रहेगी। 1 किलोवॉट के प्लांट पर 15,000 रुपये और 2 किलोवॉट या उससे अधिक के प्लांट पर 30,000 रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे राज्य ‘हाफ बिजली’ से ‘फ्री बिजली’ की ओर अग्रसर होगा और उपभोक्ताओं के बिजली बिल कम होंगे साथ ही प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा।

Youthwings