छठ महापर्व : सिर पर सूपा रखकर सीएम साय पहुंचे छठ घाट, पत्नी के साथ उगते सूर्य को दिया अर्घ्य
जशपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार सुबह अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ कुनकुरी के छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए पूजा-अर्चना की। सिर पर सूपा रखकर घाट तक पहुंचे सीएम साय ने श्रद्धापूर्वक उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और प्रदेश की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का समापन हो गया। बलौदाबाजार सहित पूरे प्रदेश में घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी पूजा में शामिल हुए। आसमान में छाए बादलों से कुछ देर सूर्य दर्शन में बाधा आई, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के बाद महिलाओं ने संतान सुख, दीर्घायु और पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना के साथ भक्ति पूर्वक व्रत पूरा किया।
