छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 : पीएम मोदी देंगे 3.5 लाख परिवारों को आवास की चाबी, 1200 करोड़ की राशि करेंगे ट्रांसफर

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025

रायपुर : छत्तीसगढ़ में राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारियां पूरे जोर पर हैं। इस बार का राज्योत्सव खास होने वाला है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर स्वयं उपस्थित रहेंगे और साढ़े तीन लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर की चाबी सौंपेंगे।

इसके साथ ही पीएम मोदी करीब 1200 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर करेंगे। बस्तर, सरगुजा और अन्य जिलों के पांच से दस हितग्राहियों को प्रधानमंत्री स्वयं मंच से चाबी प्रदान करेंगे।

आवास निर्माण कार्य में तेजी

मोदी सरकार बनने के बाद से आवास निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत लाभार्थियों के आवास निर्माण की सतत निगरानी की जा रही है। सरकार की रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ को 8,46,931 आवासों की स्वीकृति मिली है। इनमें 6,99,331 आवास एसईसीसी 2011 सूची और 1,47,600 आवास आवास प्लस सूची के अंतर्गत हैं। राज्योत्सव में उन्हीं आवासों की चाबियाँ सौंपी जाएंगी, जो पूरी तरह बनकर तैयार हो चुके हैं।

तीन मंत्री करेंगे कार्यक्रम की निगरानी

राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में राज्योत्सव को भव्य बनाने के लिए तीन वरिष्ठ मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई है — डिप्टी सीएम अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और वन मंत्री केदार कश्यप को कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों की मॉनिटरिंग का दायित्व सौंपा गया है। इसके साथ ही पार्टी संगठन ने भी अपने प्रमुख पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां दी हैं, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे।

राज्योत्सव में उमड़ेगी जनता की भीड़

राज्योत्सव को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है। संगठन की ओर से प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और क्रेडा चेयरमैन भूपेंद्र सिंह सवन्नी को कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है।

कार्यक्रम में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। हर जिले को उपस्थिति बढ़ाने का टारगेट दिया गया है। डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा, “राज्योत्सव में प्रधानमंत्री का आना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। गांव और शहरों से लोग बड़ी संख्या में नवा रायपुर पहुंचने की तैयारी में हैं।”

 

Youthwings