Chhattisgarh CM Meeting with Collector and SP: CM विष्णु देव साय लेंगे कलेक्टर और SP की बैठक, ‘गुड गवर्नेस’ पर होगा फोकस
Chhattisgarh CM Meeting with Collector and SP
Chhattisgarh CM Meeting with Collector and SP: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 12 से 14 अक्टूबर 2025 तक आयोजित होने वाली प्रशासनिक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में प्रदेशभर के कलेक्टर और एसपी शामिल होंगे। खास बात यह है कि इस बार डीएफओ (वनमंडल अधिकारी) भी औपचारिक रूप से बैठक का हिस्सा बनेंगे। बैठक में मुख्य रूप से “गुड गवर्नेंस” यानी सुशासन पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा विकास योजनाओं की समीक्षा, कानून-व्यवस्था की स्थिति और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर भी विचार होगा।
कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी
बैठक के एजेंडे में गुड गवर्नेंस के साथ-साथ विकास परियोजनाओं का क्रियान्वयन, आमजन तक सरकारी योजनाओं की पहुंच और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शामिल है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिए हैं कि इस बैठक में जिला प्रशासन के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाबदेही भी तय होगी।
नवनियुक्त मुख्य सचिव विकास शील की पहली बड़ी बैठक
इस अहम प्रशासनिक बैठक की खास बात यह भी है कि यह नए मुख्य सचिव विकास शील के कार्यभार संभालने के बाद पहली बड़ी बैठक होगी। विकास शील 30 सितंबर को मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव बने हैं। वे 1994 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं।
विकास शील का प्रशासनिक अनुभव
आईएएस अधिकारी बनने के बाद विकास शील को मध्यप्रदेश कैडर मिला था, लेकिन नवंबर 2000 में राज्य विभाजन के बाद वे छत्तीसगढ़ कैडर में आ गए। उन्होंने कोरिया, बिलासपुर और रायपुर में कलेक्टर के रूप में सेवाएं दीं। अप्रैल 2007 से अप्रैल 2008 तक वे रायपुर कलेक्टर रहे। इसके बाद लंबे समय तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्य करते हुए वे एशियन डेवलपमेंट बैंक, मनीला में कार्यकारी निदेशक के पद पर रहे। अब वे राज्य प्रशासन की कमान संभाल रहे हैं।
बैठक का महत्व
राज्य में सुशासन, विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन और कानून-व्यवस्था की मजबूती के लिए यह बैठक अहम मानी जा रही है। सीएम विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित होने वाली यह बैठक आने वाले महीनों की प्रशासनिक प्राथमिकताओं की दिशा तय करेगी।
