हजारों शिक्षकों का फूटा गुस्सा! वेतन विसंगति समेत 7 मांगों पर प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

शिक्षकों का प्रदर्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक एवं समग्र शिक्षक फेडरेशन के आह्वान पर बुधवार को राजधानी रायपुर में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार राठौर के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में प्रदेशभर से पहुंचे हजारों शिक्षकों ने शांतिपूर्ण रैली निकालकर सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया।

प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार अभनपुर को ज्ञापन सौंपते हुए मांगों के शीघ्र समाधान की अपील की।

शासन की उदासीनता पर जताई नाराजगी

रैली को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार राठौर ने कहा कि शिक्षकों को बार-बार आंदोलन का रास्ता इसलिए अपनाना पड़ रहा है क्योंकि उनकी समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से लंबित मांगों पर संवेदनशीलता के साथ जल्द निर्णय लेने की मांग की।

ये हैं शिक्षकों की प्रमुख मांगें

फेडरेशन ने सरकार के समक्ष सात प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें शामिल हैं—

सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर कर क्रमोन्नति का लाभ दिया जाए।
पदोन्नति में वरिष्ठता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा विभागीय नियमों का पालन हो।
कार्यरत शिक्षकों के लिए विभागीय TET परीक्षा आयोजित की जाए।
प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर पुराने सेवा लाभ दिए जाएं।
एकल शिक्षक वाले स्कूलों में अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाए।
VSK ऐप की तकनीकी समस्याएं दूर होने तक उससे जुड़े कारणों से किसी शिक्षक का वेतन न रोका जाए।
युक्तिकरण के बाद प्रभावित प्रधान पाठकों को वित्तीय प्रभार सौंपा जाए।

read more : सीएम हाउस घेराव से पहले सीहोर में कांग्रेस की बड़ी सभा, जीतू पटवारी ने साधा निशाना

नहीं हुई सुनवाई तो आंदोलन होगा तेज

फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान प्रदर्शन केवल सरकार का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से किया गया है। यदि मांगों पर जल्द कोई ठोस और लिखित निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन आगामी दिनों में और व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

कई संगठनों ने दिया समर्थन

आंदोलन को विभिन्न शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों का भी समर्थन मिला। बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी प्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी रैली में शामिल हुए तथा शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई में साथ रहने का भरोसा जताया।

Youthwings