Chhattisgarh Assembly Winter Session: इस दिन से नए भवन में शुरू होगा शीतकालीन सत्र, पहले दिन ‘विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ के विषय पर होगी चर्चा
Chhattisgarh Assembly Winter Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से नवा रायपुर स्थित नए विधानसभा भवन में शुरू होने जा रहा है। यह सत्र चार दिनों का होगा, जिसमें सरकार और विपक्ष दोनों ही विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। सत्र के पहले दिन “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” विषय पर विशेष चर्चा निर्धारित की गई है। इसके अलावा सरकार विधायी कार्यों को निपटाएगी और विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले मुद्दों का जवाब देगी।
14 दिसंबर का महत्व: पहले सत्र की याद
छत्तीसगढ़ राज्य का गठन 1 नवंबर 2000 को हुआ था। इसके बाद राज्य की पहली विधानसभा का पहला सत्र 14 दिसंबर 2000 से शुरू हुआ था। उस समय स्थायी भवन तैयार नहीं था, इसलिए रायपुर के राजकुमार कॉलेज में टेंट लगाकर अस्थायी विधानसभा तैयार की गई थी। वहीँ नंदकुमार साय ने राज्य के पहले नेता प्रतिपक्ष के रूप में शपथ ग्रहण किया था। इसी ऐतिहासिक तिथि को ध्यान में रखते हुए नए भवन में पहली बैठक के लिए 14 दिसंबर को चुना गया है।
पुराने भवन में आज आखिरी दिन: 25 साल की संसदीय यात्रा पर विशेष सत्र
आज मंगलवार को पुराने विधानसभा भवन में एक विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है। इस सत्र का विषय है—
“पच्चीस वर्षों की संसदीय यात्रा पर केंद्रित विषयों पर चर्चा”।
इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य की 25 वर्षों की राजनीतिक, सामाजिक और विकास यात्रा को स्मरण किया जा रहा है। सभी विधायक अपने अनुभव साझा कर रहे हैं और विधानसभा के 25 वर्षीय इतिहास पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।
