Chhattisgarh Naxal Operation: टॉप नक्सली कमांडर देवजी 9 साथियों सहित गिरफ्तार, हिड़मा एनकाउंटर में ढेर
Chhattisgarh Naxal Operation: नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को लगातार बड़ी सफलताएँ मिल रही हैं। आंध्र प्रदेश पुलिस ने एक अहम अभियान में केंद्रीय समिति (CCM) के सदस्य और टॉप नक्सली कमांडर देवजी को उसके 9 टीम सदस्यों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पीएलजीए (PLGA) के 12 कैडर भी पकड़े गए, यानी कुल 22 नक्सली पुलिस के जाल में फँसे। कुल मिलाकर 32 नक्सलियों को हिरासत में लिया गया है।
यह वही देवजी है, जिसके बारे में जानकारी थी कि बसवराजू की मौत के बाद माओवादी संगठन का महासचिव बनाए जाने की तैयारी थी। इससे पहले इसी दिन सुबह सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़–आंध्र प्रदेश सीमा पर एक बड़े एनकाउंटर में खतरनाक नक्सली माडवी हिड़मा को उसकी पत्नी राजक्का समेत ढेर कर दिया था। एनकाउंटर में कुल 6 नक्सली मारे गए। हिड़मा पर 1 करोड़ रुपये का इनाम था और वह 150 से अधिक जवानों की हत्या का आरोपी था।
हिड़मा और उसके गुट का अंत
मंगलवार सुबह लगभग 6:30 बजे, आंध्र प्रदेश के अल्लुरी सीताराम राजू (ASR) जिला में सुरक्षा बलों ने हिड़मा व उसकी पत्नी को मार गिराया। इनके साथ 4 अन्य नक्सली लकमल, कमलू, मल्ला और देवे भी मारे गए। देवे, हिड़मा का निजी गार्ड था। 44 वर्षीय हिड़मा देश के सबसे खतरनाक नक्सलियों में से एक माना जाता था। वह अब तक 30 से अधिक बड़े हमलों में शामिल रहा था, जिनमें 2013 का झीरम घाटी नरसंहार और 2017 का सुकमा हमला शामिल हैं।
नक्सलवाद अंत की ओर?
एक ही दिन में एनकाउंटर और गिरफ्तारी की इन दो बड़ी सफलताओं के बाद सुरक्षा एजेंसियाँ मान रही हैं कि नक्सलवाद अब अपने अंतिम दौर में है। केंद्र सरकार ने मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य घोषित किया है, और हालिया सफलता उस दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
