छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र कल से शुरू : पहले दिन विस का बहिष्कार करेगी कांग्रेस…
छत्तीसगढ़ विधानसभा
रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र पहली बार 14 दिसंबर, रविवार से शुरू होने जा रहा है। यह सत्र ऐतिहासिक रहेगा क्योंकि नवा रायपुर के नवनिर्मित विधानसभा भवन में यह पहला पूर्ण सत्र होगा। पहले यह सत्र 17 दिसंबर तक प्रस्तावित था, लेकिन अब इसकी अवधि बढ़ाई जा सकती है।
वंदे मातरम पर विशेष चर्चा के लिए सत्र बढ़ाया जा सकता है
सूत्रों के अनुसार, सत्र की अवधि बढ़ाकर 19 दिसंबर तक की जा सकती है। 18 दिसंबर को अवकाश रहेगा, जबकि 19 दिसंबर को सदन में वंदे मातरम पर विशेष चर्चा प्रस्तावित है।
संसद की तर्ज पर विधानसभा में होगा आयोजन
वंदे मातरम के रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर संसद में पहले ही इस विषय पर चर्चा हो चुकी है। अब छत्तीसगढ़ विधानसभा में भी इस गीत के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व पर चर्चा की जाएगी।
राजनीतिक बहस के आसार
वंदे मातरम पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना है। संसद में पहले ही इस विषय पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिल चुके हैं। ऐसे में विधानसभा में भी सत्र के दौरान गरमाहट बनी रहने की संभावना है।
read more : दिल्ली में कल कांग्रेस की ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली, 5 हजार छत्तीसगढ़ कार्यकर्ता होंगे शामिल…
पहले दिन कांग्रेस करेगी बहिष्कार
शीत सत्र के पहले दिन ही राजनीतिक टकराव साफ नजर आ रहा है। कांग्रेस ने 14 दिसंबर को सदन की कार्यवाही का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल का आरोप है कि सरकार ‘विजन 2047’ के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है।
विजन 2047 और जन मुद्दों पर कांग्रेस का विरोध
कांग्रेस ने कहा है कि प्रदेश में धान खरीदी, बढ़ते बिजली बिल, भ्रष्टाचार, प्रदूषण और शिक्षा विभाग में भर्ती नियमों के उल्लंघन जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है। यही वजह है कि कांग्रेस पहले दिन सदन से बाहर रहकर विरोध जताएगी।
628 सवालों के साथ सत्र रहेगा गर्म
इस शीत सत्र के दौरान विधायकों ने कुल 628 सवाल पूछे हैं, जिनमें बड़ी संख्या तारांकित प्रश्नों की है। इसके अलावा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और अशासकीय संकल्प भी पेश किए जाएंगे। ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि विधानसभा का माहौल इस सत्र के दौरान काफी गरम रहेगा।
