परीक्षा केंद्र में नकल का आरोप, पैसे न देने पर 7 छात्रों को परीक्षा से रोका
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित बर्रा ओपन परीक्षा केंद्र में नकल कराने के नाम पर पैसे लेने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। छात्रों का कहना है कि परीक्षा केंद्र पर 8 से 12 हजार रुपये लेकर नकल कराई जा रही थी और पर्चियां उपलब्ध कराई जा रही थीं।
आरोप यह भी है कि जो छात्र पैसे देने से इनकार कर रहे थे, उन्हें परीक्षा देने से रोक दिया गया। इसी क्रम में 1 अप्रैल को 7 छात्रों को परीक्षा लिखने से रोक दिया गया, जिससे केंद्र में तनाव की स्थिति बन गई और छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया।
छात्रों ने केंद्राध्यक्ष ज्ञानसागर राठिया, सहायक केंद्राध्यक्ष रामधन राठिया और प्रभारी प्राचार्य रामगोपाल राठिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कुछ छात्रों का यह भी कहना है कि परीक्षा के दौरान बाहरी लोगों से उत्तर लिखवाए जा रहे थे, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं, खरसिया के बीईओ लक्ष्मीनारायण पटेल ने बताया कि बर्रा हाई स्कूल में चल रही ओपन परीक्षा में अनियमितता की शिकायत मिली है। जांच के लिए उड़नदस्ता टीम पहले भी पहुंच चुकी है और आगे भी परीक्षा के दौरान निरीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में नकल या गड़बड़ी की पुष्टि होती है, तो केंद्राध्यक्ष और संबंधित शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
