CGPSC Main Exam Notification जारी: आज से आवेदन शुरू, 15 अप्रैल आखिरी तारीख
CGPSC Main Exam Notification
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 अप्रैल 2026 से शुरू हो गए हैं। उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए 15 अप्रैल 2026 तक का समय दिया गया है।
प्रीलिम्स पास करने वाले अभ्यर्थियों को मौका
मुख्य परीक्षा में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने प्रारंभिक परीक्षा सफलतापूर्वक पास की है। यह परीक्षा राज्य प्रशासनिक सेवाओं में भर्ती के लिए आयोजित की जाती है, जिसमें चयन की प्रक्रिया तीन चरणों—प्रीलिम्स, मेंस और इंटरव्यू—के माध्यम से पूरी होती है।
तय कार्यक्रम के अनुसार मई में परीक्षा
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य सेवा परीक्षा 16 मई से 19 मई 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा का आयोजन निर्धारित केंद्रों पर किया जाएगा, जिसके लिए एडमिट कार्ड अलग से जारी किए जाएंगे।
20 सेवाओं में 265 पदों पर भर्ती
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्य की 20 अलग-अलग सेवाओं के लिए कुल 265 पदों को भरा जाएगा। इससे पहले आयोजित प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को प्रदेश के 31 जिलों में कराई गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया था।
फॉर्म सुधार के लिए मिलेगा 48 घंटे का समय
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को 16 और 17 अप्रैल को फॉर्म में त्रुटि सुधार का अवसर दिया जाएगा। इस दौरान निर्धारित शुल्क के साथ संशोधन किया जा सकेगा।हालांकि, उम्मीदवारों को केवल एक बार ही निशुल्क सुधार की सुविधा मिलेगी। तय समयसीमा के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
गलत जानकारी देने पर होगी कार्रवाई
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन में दी गई जानकारी यदि दस्तावेज सत्यापन के दौरान गलत पाई जाती है, तो अभ्यर्थी को चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा। इसलिए आवेदन करते समय सभी विवरण सही और प्रमाणिक भरना जरूरी है।
आधिकारिक वेबसाइट पर देखें दिशा-निर्देश
परीक्षा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी, नियम और दिशा-निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें, ताकि किसी भी प्रकार की गलती से बचा जा सके।
read more : नए वित्त वर्ष की शुरुआत: टैक्स से सैलरी तक बदले 5 बड़े नियम, आम आदमी पर पड़ेगा सीधा असर
