CG Dental College Strike News: किराए के कमरे और बाहर का खाना… शासकीय डेंटल कॉलेज की बदहाली, 600+ छात्र 6 दिन से हड़ताल पर

CG Dental College Strike News: छत्तीसगढ़ के एकमात्र शासकीय डेंटल कॉलेज की अव्यवस्थाओं के खिलाफ 600 से अधिक यूजी और पीजी डेंटल छात्र बीते छह दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हुए हैं। स्टाइपेंड में भेदभाव, हॉस्टल की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर छात्रों में गहरा आक्रोश है। गुरुवार को छात्रों ने कॉलेज परिसर से जेल रोड तक पैदल मार्च निकालकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

स्टाइपेंड में भेदभाव का आरोप

डेंटल छात्रों का आरोप है कि वर्ष 2019 में मेडिकल शिक्षा से जुड़ी लगभग सभी शाखाओं में स्टाइपेंड बढ़ाया गया, लेकिन डेंटल छात्रों को इससे जानबूझकर बाहर रखा गया। छात्रों का कहना है कि यह भेदभावपूर्ण रवैया न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि उनकी पढ़ाई और जीवन-यापन को भी प्रभावित कर रहा है। छात्रों ने कहा कि यह पहली बार है जब केवल डेंटल छात्रों को स्टाइपेंड बढ़ोतरी से वंचित किया गया है।

हॉस्टल नहीं, किराए के कमरे में रहने को मजबूर

छात्रों ने बताया कि कॉलेज हॉस्टल में कमरों की भारी कमी है। हालात इतने खराब हैं कि फर्स्ट ईयर में दाखिला लेने वाली छात्राओं को शुरुआती आठ महीने तक किराए के मकानों में रहना पड़ता है। इसके साथ ही उन्हें होटल या बाहर का भोजन करना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ और बढ़ जाता है।

डेंटल सामग्री भी खुद खरीदने की मजबूरी

छात्रों का कहना है कि कॉलेज में आवश्यक डेंटल उपकरण और सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जाती। मजबूरी में उन्हें अपने सीमित स्टाइपेंड से ही महंगे उपकरण और डेंटल मैटेरियल खरीदने पड़ते हैं, जिससे पढ़ाई करना और भी कठिन हो जाता है।

जेल रोड तक पैदल मार्च, उग्र आंदोलन की चेतावनी

इन तमाम समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर छात्र अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। गुरुवार को छात्रों ने जेल रोड तक पैदल मार्च कर विरोध दर्ज कराया। छात्रों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि दो से तीन दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

कॉलेज प्रशासन का पक्ष

मामले पर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. विरेंद्र वाघेड़ ने बताया कि स्टाइपेंड सहित अन्य मांगों से जुड़ा पत्र उच्च स्तर पर भेजा जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि शासन स्तर पर जल्द ही इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

Youthwings