भारत-पाकिस्तान में युद्धविराम: 12 मई को फिर बात करेंगे दोनों देशों के DGMO

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चल रहे तनाव के बीच अब बड़ी राहत की खबर सामने आई है। दोनों देशों ने तुरंत प्रभाव से युद्धविराम (सीजफायर) लागू करने का फैसला किया है। इसका ऐलान भारत के विदेश मंत्रालय ने किया।

पाकिस्तान ने भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से घबराकर दुनिया भर के देशों से मदद की गुहार लगाई थी। इसी दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करके दावा किया कि अमेरिका की मदद से भारत और पाकिस्तान में शांति समझौता हो गया है।

हालांकि भारत सरकार के सूत्रों ने बताया कि यह फैसला दोनों देशों के बीच सीधे बातचीत से हुआ है, और इसमें किसी तीसरे देश की भूमिका नहीं रही।

कैसे हुआ युद्धविराम का फैसला?:

भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि शनिवार दोपहर 3:35 बजे पाकिस्तान के DGMO (सैन्य संचालन महानिदेशक) ने भारतीय DGMO को फोन किया और बातचीत की पहल की। दोनों पक्षों ने सहमति जताई कि आज शाम 5 बजे से ज़मीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की फायरिंग और सैन्य कार्रवाई बंद कर दी जाएगी।

उन्होंने यह भी साफ किया कि किसी और मुद्दे पर, या किसी तीसरे देश में अलग से बातचीत करने का कोई फैसला नहीं हुआ है। अगली बार दोनों देशों के DGMO 12 मई को दोपहर 12 बजे फिर बातचीत करेंगे।

ट्रंप का दावा और पाकिस्तान की पुष्टि:

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्वीट करते हुए दावा किया, “अमेरिका की मध्यस्थता से भारत और पाकिस्तान ने फुल सीजफायर पर सहमति जताई है। दोनों देशों को बधाई!”

वहीं पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने भी सोशल मीडिया पर युद्धविराम की पुष्टि की, लेकिन भारत पर किए गए नाकाम हमलों की माफी नहीं मांगी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हमेशा शांति के लिए काम करता रहा है।

Youthwings