बीजापुर में CBI की बड़ी रेड: ताज होटल से डाक विभाग के 4 कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
CBI की बड़ी रेड
बीजापुर नगर में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। CBI की टीम ने ताज होटल में छापा मारकर डाक विभाग से जुड़े चार कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
40 हजार रुपये की रिश्वत बरामद
CBI सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई गुरुवार रात करीब 8.30 बजे की गई। छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए, जो रिश्वत की रकम बताई जा रही है। पूरी कार्रवाई योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाकर की गई।
ये अधिकारी हुए गिरफ्तार
CBI द्वारा पकड़े गए आरोपियों में शामिल हैं— पोस्ट ऑफिस सब डिवीजन इंस्पेक्टर (SDI) शास्त्री कुमार पैंकरा, मलोत शोभन, अंबेडकर सिंह, संतोष एंड्रिक चारों आरोपी डाक विभाग से जुड़े कर्मचारी बताए जा रहे हैं।
पूछताछ जारी, विभाग में हड़कंप
कार्रवाई के बाद CBI की टीम सभी आरोपियों को अपने साथ लेकर पूछताछ कर रही है। इस छापेमारी से डाक विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं, शहर में भी इस कार्रवाई की चर्चा तेज है। CBI द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है और आने वाले समय में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
