BJP Leader Illegal Afeem Kheti: दुर्ग में 7 एकड़ में अवैध अफीम की खेती का खुलासा, भाजपा से जुड़े दो नेता हिरासत में

BJP Leader Illegal Afeem Kheti: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती का एक बड़ा मामला सामने आया है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ग्राम समोदा, जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र में लगभग 7 एकड़ जमीन पर अफीम की अवैध खेती का खुलासा हुआ है। यह खेती शिवनाथ नदी के किनारे स्थित खेतों में मक्का की फसल के बीच छिपाकर की जा रही थी।

इस मामले में भाजपा से जुड़े दो नेताओं विनायक ताम्रकार और बृजेश ताम्रकार को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में जांच शुरू कर दी। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर अफीम के पौधों का निरीक्षण किया।

प्रशासन के अधिकारियों ने खेत में लगे अफीम के पौधों की गिनती शुरू कर दी है, जबकि राजस्व विभाग जमीन का माप कर रहा है। साथ ही ड्रोन की मदद से आसपास के क्षेत्रों में भी सर्वे किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं और भी अवैध खेती तो नहीं हो रही।

मामले की जांच के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की दो सदस्यीय टीम भी मौके पर पहुंची है। टीम ने खेती से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है और पौधों के नमूने भी लिए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस जमीन पर काफी समय से अवैध खेती की जा रही थी। पुलिस अब इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings