बिलासपुर ट्रेन हादसा UPDATE: पैसेंजर और मालगाड़ी की टक्कर, अब तक 4 की मौत, हेल्पलाइन नंबर जारी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में लाल खदान स्टेशन के पास सोमवार शाम एक भीषण ट्रेन दुर्घटना हुई, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। गटोरा और बिलासपुर स्टेशन के बीच हुई इस दुर्घटना में एक MEMU पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए और एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए।
घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
चार शव बरामद, कई घायल
अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को बिलासपुर के नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिला प्रशासन और रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
अधिकारिक जानकारी के अनुसार, अब तक दो मौतों की आधिकारिक पुष्टि हुई है, लेकिन स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृतकों की संख्या 8 तक पहुंच सकती है।
रेलवे ने जारी किए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर
रेलवे प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के साथ ही यात्रियों और परिजनों की सहायता के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं—
- बिलासपुर: 7777857335, 7869953330
- चांपा: 8085956528
- रायगढ़: 9752485600
- पेंड्रा रोड: 8294730162
- कोरबा: 7869953330
राहत कार्य जारी
घटनास्थल पर जिला प्रशासन, NDRF और रेलवे की टीमें तैनात हैं। हादसे में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए कटिंग टूल्स और क्रेन मशीनों की मदद ली जा रही है। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
जांच के आदेश जारी
रेलवे प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सिग्नल या ट्रैक पर तकनीकी गड़बड़ी के कारण यह भीषण टक्कर हुई। फिलहाल, पूरे रूट पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित है।


