नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 आरोपी गिरफ्तार, ढाई हजार से ज्यादा नशीली कैप्सूल जब्त
भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को पुलिस ने खुर्सीपार और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से ढाई हजार से अधिक नशीली कैप्सूल और टैबलेट बरामद की गई हैं। ये आरोपी अवैध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री कर युवा वर्ग को नशे की लत में धकेल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 21(C), 8, 27(A) एनडीपीएस एक्ट व 111(3) की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
खुर्सीपार थाना की कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खुर्सीपार के आईटीआई ग्राउंड में कुछ लोग नशीली दवाएं बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छह लोगों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों की पहचान रजनीश पांडे, विपिन जेम्स, श्याम कन्हैया विश्वकर्मा, रणजीत राम, अभिजीत साहू और अरबाज खान उर्फ बाबू के रूप में हुई।
जांच में बरामद सामान:
- रजनीश पांडे से: 192 नग नशीली कैप्सूल, बिना नंबर मोटरसाइकिल, ₹400 नकद, एप्पल व मोटरोला फोन
- विपिन जेम्स से: 312 नग कैप्सूल, सैमसंग मोबाइल, ₹300 नकद
- श्याम कन्हैया विश्वकर्मा से: 264 नग कैप्सूल, वीवो मोबाइल, ₹350 नकद
- रणजीत राम से: 280 नग कैप्सूल, सैमसंग मोबाइल, ₹250 नकद
- अभिजीत साहू से: 296 नग कैप्सूल
- अरबाज खान से: 700 नग कैप्सूल, वनप्लस मोबाइल
कुल मिलाकर पुलिस ने 2044 नशीली कैप्सूल, ₹1300 नकद, 6 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और एक टाइटन घड़ी जब्त की।
पद्मनाभपुर थाना की कार्रवाई
इसी तरह पुलिस को सूचना मिली कि मानस भवन के पीछे रविशंकर स्टेडियम, दुर्ग के पास नशीली दवाओं की बिक्री की जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो आरोपियों फैजान अहमद और साहिल कुमार यादव को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उनके पास से ट्रामाडोल टैबलेट की 45 स्ट्रिप (371 नग कैप्सूल), ₹1110 नकद, एक एक्टिवा स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ थाना पद्मनाभपुर में अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस की सख्ती जारी
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खुर्सीपार और पद्मनाभपुर पुलिस टीमों ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
