शिव मंदिर में अशोभनीय हरकत, पुलिस ने 9 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में शुक्रवार रात सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित एक शिव मंदिर में हुई अशोभनीय हरकत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और मुख्य आरोपी समेत कुल 9 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया।

मंदिर परिसर में युवक की हरकत से भड़का विवाद

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अशरफ खान पिता अनीष खान के रूप में हुई है। वह शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे शिव मंदिर परिसर में अनुचित कृत्य करता पकड़ा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध किया और देखते ही देखते खबर पूरे इलाके में फैल गई। इससे स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और स्थिति बिगड़ने लगी।

उपद्रवियों ने किया हंगामा, बाइक और ठेले में लगाई आग

गुस्से के बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल का फायदा उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, इन तत्वों ने एक ठेला तोड़ दिया और एक अन्य ठेले तथा एक बाइक को आग के हवाले कर दिया। इसके चलते इलाके में तनाव और अराजकता फैल गई। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हालात काबू में आ गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अशरफ खान के खिलाफ अपराध क्रमांक 1355/25 दर्ज किया है। उसके खिलाफ धारा 299, 296 और 351(2) के तहत मामला दर्ज हुआ। साथ ही, तोड़फोड़ और आगजनी में शामिल 8 अन्य उपद्रवियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मोहम्मद इसराईल, अरमान खान, सलमान खान, सहादत्त खान उर्फ छोटू, वैधनाथ यादव, ओमप्रकाश मानिकपुरी उर्फ गब्बर, करण यादव उर्फ केडी, गौकरण साहू उर्फ बोदू और कैलाश साहू शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, कुछ फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

शांति बनाए रखने की अपील

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि घटना के तुरंत बाद आला अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। अशोक नगर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि पुलिस लगातार स्थिति पर निगरानी रख रही है।

 

Youthwings