शराब पीकर गाड़ी चलाने के नाम पर पुलिस ने मांगे 50 हजार, NTPC कर्मचारी ने डिप्रेशन में पी लिया जहर

बिलासपुर। सीपत थाने के पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि पुलिस ने NTPC कर्मचारी से शराब पीकर वाहन चलाने के बहाने 50 हजार रुपये की मांग की और धमकी दी। इस डर से कर्मचारी ने घर लौटते समय जहर पी लिया। NTPC कर्मचारी को इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कर्मचारी की पत्नी ने मामले की शिकायत एसएसपी से की है, जिस पर जांच शुरू कर दी गई है।

NTPC कर्मचारी ने क्यों उठाया आत्मघाती कदम

सीपत के उज्जवल नगर एनटीपीसी कॉलोनी में रहने वाले धीरेंद्र मंजारे, जो एनटीपीसी के एचआर विभाग में कार्यरत हैं, की पत्नी रामेश्वरी ने बताया कि रविवार को धीरेंद्र शराब लेने दुकान गए थे। लौटते समय सीपत थाने के कुछ जवानों ने उन्हें रोककर उनकी गाड़ी जब्त कर ली। थाने में उनसे 50 हजार रुपये की मांग की गई और रुपये न देने पर कार्रवाई की धमकी दी गई।

धीरेंद्र इस धमकी से घबरा गए और पैसे लाकर देने के लिए कहा गया तो वह घर लौटते समय जहर पी गए। पत्नी ने उन्हें तुरंत एनटीपीसी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद अपोलो रेफर कर दिया गया। अपोलो में धीरेंद्र का इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। रामेश्वरी ने एसएसपी से शिकायत कर दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

व्यवसायी ने भी पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप लगाया

इसी तरह, नवाडीह चौक निवासी अविनाश सिंह ठाकुर ने भी सीपत थाने पर अवैध वसूली का आरोप लगाया है। किराना व्यवसायी अविनाश का कहना है कि रविवार को वह और उनके दोस्त रवि कश्यप किसी काम से थाने गए थे। पुलिस ने उन्हें कार्रवाई के नाम पर धमकाया और 50 हजार रुपये की मांग की।

व्यवसायी ने ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए 24 हजार रुपये प्राइवेट कंप्यूटर ऑपरेटर राजेश्वर कश्यप के खाते में जमा किए। इसके बाद उनकी गाड़ी छोड़ दी गई, लेकिन थोड़ी देर बाद गाड़ी को दूसरी जगह रोककर उनके दोस्त रवि कश्यप के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

दोनों मामलों ने उठाए सवाल

दोनों घटनाओं ने सीपत थाने की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। NTPC कर्मचारी और व्यवसायी दोनों ने अवैध वसूली और धमकी के आरोप लगाए हैं, जिस पर पुलिस प्रशासन द्वारा जांच की जा रही है। मामला सार्वजनिक होने के बाद पुलिसकर्मियों की कार्रवाई पर ध्यान केन्द्रित हो गया है।

Youthwings