Bilaspur Muslim Family Attack: रतनपुर हत्याकांड पर उबाल, आरोपियों को फांसी और बुलडोजर कार्रवाई की मांग
Bilaspur Muslim Family Attack: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रतनपुर थाना क्षेत्र के पेंडरवा गांव में मुस्लिम परिवार पर हुए जानलेवा हमले और हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में आज बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग पीड़ित परिवार के साथ सड़कों पर उतरे और रैली निकालते हुए एसएसपी ऑफिस पहुंचे।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए फांसी की सजा देने, आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने और नाबालिग आरोपियों पर भी कड़ा एक्शन लेने की मांग उठाई। इसके साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने की भी अपील की गई।
SSP ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
पीड़ित परिवार और समाज के लोगों ने बताया कि इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो चुकी है, जिससे आक्रोश और बढ़ गया है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि दोषियों पर ऐसी कार्रवाई हो जो समाज में एक नजीर पेश करे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने DSP स्तर की जांच टीम का गठन किया है और भरोसा दिलाया है कि पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपियों को कठोर से कठोर सजा दिलाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास करेगी और उन्हें सलाखों के पीछे रखा जाएगा। साथ ही आरोपियों की संपत्तियों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई है।
1 अप्रैल को हुआ था जानलेवा हमला
आपको बताते चले कि 1 अप्रैल को रतनपुर थाना क्षेत्र के पेंडरवा गांव में गांव के ही सुरेश श्रीवास और उसके बेटों ने मुस्लिम परिवार पर जानलेवा हमला किया था। इस हमले में 65 वर्षीय मुराद बेगम की मौत हो गई थी, जबकि परिवार के 7 सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास, दो नाबालिगों और पूर्व सरपंच उमेश श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इलाके में तनाव, पुलिस अलर्ट
घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
