Bihar Election 2025 से पहले आरजेडी को बड़ा झटका, सासाराम से प्रत्याशी सत्येंद्र शाह गिरफ्तार, 2004 के पुराने मामले में की गई कार्रवाई

Bihar Election 2025 से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। सासाराम विधानसभा सीट से आरजेडी प्रत्याशी सत्येंद्र शाह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, यह गिरफ्तारी एक पुराने आपराधिक मामले से जुड़ी हुई है।

शनिवार को सत्येंद्र शाह सासाराम अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे थे, लेकिन नामांकन से पहले ही रोहतास पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

2004 के पुराने मामले में की गई गिरफ्तारी

रोहतास पुलिस के मुताबिक, सत्येंद्र शाह के खिलाफ साल 2004 से लंबित एक पुराना मामला दर्ज है। उसी के आधार पर उनकी गिरफ्तारी की गई है। गिरफ्तारी के दौरान अनुमंडल कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

आरजेडी समर्थकों में मचा हड़कंप

गिरफ्तारी की खबर फैलते ही सासाराम में आरजेडी समर्थकों में अफरा-तफरी मच गई। कई कार्यकर्ताओं ने विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने स्थिति को तुरंत नियंत्रण में ले लिया।

पुलिस ने कुछ समर्थकों को भी थाने ले जाकर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

नामांकन प्रक्रिया पर भी असर

सत्येंद्र शाह की गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई जब वह अपने नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने पहुंचे थे। चुनाव से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने आरजेडी के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस घटना का असर पार्टी की छवि और सासाराम सीट के चुनावी समीकरणों पर सीधा पड़ सकता है।

Youthwings