‘CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें’: भोपाल की सड़कों पर उतरी कांग्रेस; पुलिस ने दागा पानी का फव्वारा, बैरिकेडिंग पर चढ़े विधायक

भोपाल। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को राजधानी भोपाल की सड़कों पर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ यह पैदल मार्च निर्वाचन आयोग के दफ्तर का घेराव करने निकला था। हालांकि, व्यापम चौराहे के पास लिंक रोड पर पुलिस द्वारा लगाए गए भारी बैरिकेड्स और वाटर कैनन के इस्तेमाल के बाद प्रदर्शन हिंसक झड़प और अफरातफरी में बदल गया। इस दौरान उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे सहित पांच कांग्रेसी कार्यकर्ता चोटिल हो गए।

प्रतीकात्मक विरोध: हाथों में हथकड़ी बांधकर पहुंचे जीतू पटवारी और उमंग सिंघार

इस बड़े प्रदर्शन में कांग्रेस की पूरी शीर्ष लीडरशिप एक मंच पर नजर आई। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार हाथों में प्रतीकात्मक हथकड़ियां लगाकर मार्च में शामिल हुए। उनका कहना था कि देश में लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को केंद्र सरकार की कठपुतली बनाकर ‘कैद’ कर दिया गया है। प्रदर्शन में पार्टी के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, विधायक महेश परमार सहित प्रदेश भर से आए दर्जनों विधायक और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैरिकेडिंग पर चढ़े विधायक, पुलिस ने वाटर कैनन से किया तितर-बितर

जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विशाल हुजूम पीसीसी दफ्तर से आगे बढ़ते हुए व्यापम चौराहे के नजदीक लिंक रोड पर पहुंचा, भारी पुलिस बल ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। उत्तेजित कार्यकर्ता और नेता आगे जाने की जिद पर अड़ गए। इसी दौरान उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और तराना से विधायक महेश परमार पुलिस बैरिकेड्स के ऊपर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। हालात बेकाबू होते देख पुलिस प्रशासन ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल शुरू कर दिया।

हेमंत कटारे के पैर में लगी चोट, पांच कार्यकर्ता घायल

वाटर कैनन की तेज बौछार और पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की के चलते कई कार्यकर्ता जमीन पर गिर पड़े। बैरिकेड्स पर चढ़े उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे भी संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरे, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई है। घटनाक्रम में हेमंत कटारे समेत करीब पांच कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। तेज पानी की बौछार के बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए कार्यकर्ताओं को पीछे खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया।

चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सीधा हमला

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि देश का निर्वाचन आयोग अब निष्पक्ष नहीं रहा। उन्होंने कहा कि हालिया चुनाव प्रक्रियाओं और मतदाता सूचियों में सामने आ रही गड़बड़ियों के लिए सीधे तौर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार जिम्मेदार हैं। कांग्रेस नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते और चुनाव आयोग में पारदर्शिता बहाल नहीं होती, तब तक कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक अपना संघर्ष जारी रखेगी।

Youthwings