महाराष्ट्र में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक-पिकअप की टक्कर में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों ने गंवाई जान
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने छत्तीसगढ़ के कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर देर रात पिकअप वाहन और ट्रक की भीषण टक्कर में 9 लोगों की जान चली गई। मृतकों में कवर्धा जिले के भी कई लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे की सूचना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा भंडारा जिले की लखनी तहसील में पिंपलगांव रोड पर भाऊ ढाबा के पास देर रात हुआ। पिकअप वाहन में सवार लोग पोला उत्सव में शामिल होने के लिए नागपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पिकअप और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
कवर्धा के लोगों की भी हादसे में मौत
हादसे में छत्तीसगढ़ के कई लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों में कवर्धा जिले के बांधटोला निवासी गणेशिया अरावत पटेल (22) और लोहारा निवासी सरिता विजय वर्मा (30) के नाम बताए गए हैं। इसके अलावा लोहारा क्षेत्र की मीनाक्षी राजकुमार वर्मा और खैरागढ़ क्षेत्र के चिचोला गांव के तीन लोगों की भी हादसे में मौत होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मृतकों के गांव और परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
कई लोग गंभीर रूप से घायल
भीषण टक्कर में कई लोग घायल भी हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
read more: सियासत में बड़ा ट्विस्ट! मंत्री खुशवंत साहब के भाई ढाल दास कांग्रेस में शामिल
डिप्टी CM विजय शर्मा ने जताया गहरा दुख
महाराष्ट्र के भंडारा में हुए इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे को बेहद पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। विजय शर्मा ने संबंधित लोगों से फोन पर चर्चा कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज और जरूरत के मुताबिक हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। डिप्टी सीएम ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति मिलने की कामना की।
हादसे ने कई परिवारों को दिया गहरा सदमा
नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे ने एक साथ कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पोला उत्सव में शामिल होने के लिए निकले लोगों का सफर इस दर्दनाक हादसे के साथ खत्म हो गया। फिलहाल प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
