Bastar News: माओवादी गढ़ पामेड़ में विकास की ‘नई सुबह’, CM साय ने किया बैंक और कन्या आश्रम का शुभारंभ

Bastar News: कभी माओवादियों के प्रभाव वाला बीजापुर का पामेड़ क्षेत्र अब विकास की नई इबारत लिख रहा है। जहां पहले बंदूक की आवाजें गूंजती थीं, अब वहां बैंक खुल रहे हैं, स्कूल और कन्या आश्रम बन रहे हैं, और लोग प्रशासनिक शिविरों में खुलकर भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को पामेड़ में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की नई शाखा का वर्चुअल शुभारंभ करते हुए इन बदलावों को “विकास और विश्वास की नई सुबह” करार दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माओवादी बटालियन नंबर-1 का गढ़ माने जाने वाले इस इलाके में अब आम जनता को बैंकिंग जैसी जरूरी सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने बताया कि इस शाखा से पामेड़ सहित आसपास के करीब 50 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। अब ग्रामीणों को खाता खुलवाने, पैसे निकालने या योजनाओं की राशि प्राप्त करने के लिए 100 किलोमीटर दूर आवापल्ली नहीं जाना पड़ेगा।

महिलाओं को मिलेगी बड़ी राहत

मुख्यमंत्री साय ने विशेष रूप से माताओं और बहनों को भरोसा दिलाया कि अब उन्हें महतारी वंदन योजना या अन्य योजनाओं की राशि के लिए लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। बैंक की उपलब्धता से अब आर्थिक लेनदेन सुगम होगा और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।

50 सीटर कन्या आश्रम का लोकार्पण

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पामेड़ में 1.62 करोड़ रुपये की लागत से बने 50-सीटर आदिवासी कन्या आश्रम का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह आश्रम बस्तर की बेटियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का माध्यम बनेगा और आने वाले समय में वे क्षेत्र के विकास में नेतृत्व भूमिका निभाएंगी।

कुपोषण से लड़ने के लिए NRC की सौगात

मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में कुपोषण की समस्या से निपटने के लिए अब पामेड़ में पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) की स्थापना की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे कुपोषित बच्चों को समय पर केंद्र में लाकर उचित उपचार करवाएं।

धर्मावरम ब्रिज से घटेगा 200 किमी का सफर

पामेड़ क्षेत्र की कनेक्टिविटी को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि तालपेरू नदी पर बन रहा धर्मावरम ब्रिज अब अंतिम चरण में है। इसके निर्माण से तेलंगाना के चेरला होकर बीजापुर जाने की 200 किलोमीटर लंबी बाध्य यात्रा समाप्त हो जाएगी। यह पुल क्षेत्रीय विकास का मुख्य द्वार साबित होगा।

बस सेवा और ‘सुशासन तिहार’ से ग्रामीणों को राहत

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अब पामेड़ से बीजापुर के लिए सीधी बस सेवा शुरू हो गई है, जिससे लोग सुबह जाकर शाम को लौट सकते हैं। इससे व्यापार, सेवा और रोजमर्रा की गतिविधियों में तेजी आई है।

इस मौके पर ‘सुशासन तिहार’ के अंतर्गत एक समाधान शिविर भी आयोजित किया गया, जहां क्षेत्रीय समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे “प्रशासन आपके द्वार” की नीति का उदाहरण बताया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, कलेक्टर संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव और अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बदलते बस्तर की यह तस्वीर साफ दिखाती है कि जहां कभी विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी, आज वहां प्रगति की रोशनी पहुंच चुकी है।

Youthwings