BAN vs AFG: बांग्लादेश क्रिकेटर्स पर हमला, अफगानिस्तान से मिली शर्मनाक हार के बाद भड़के फैंस; खिलाड़ी ने शेयर किया भावुक पोस्ट

BAN vs AFG

BAN vs AFG

BAN vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश को वनडे सीरीज में 3-0 की शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। यह पहला मौका है जब अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया। इस हार के बाद जब बांग्लादेश टीम यूएई से स्वदेश लौटी, तो फैंस का गुस्सा फूट पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ नाराज फैंस ने खिलाड़ियों की गाड़ी पर हमला कर दिया और जमकर हूटिंग की।

फैंस का गुस्सा बेकाबू

अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में बांग्लादेश का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। टीम तीनों मैचों में ऑलआउट हो गई। पहले वनडे में बांग्लादेश 221 रन बनाकर हार गया। दूसरे वनडे में अफगानिस्तान 190 रन पर ऑलआउट हुई, लेकिन बांग्लादेश 81 रन से हार गया। तीसरे मैच में तो टीम का प्रदर्शन और भी निराशाजनक रहा — 294 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम मात्र 93 रन पर सिमट गई। इस प्रदर्शन से नाराज फैंस ने टीम की जमकर आलोचना की और कुछ ने तो हद ही पार कर दी। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि जब टीम एयरपोर्ट से होटल लौट रही थी, तो कुछ लोगों ने खिलाड़ियों की बस पर हमला कर दिया।

मोहम्मद नईम का भावुक संदेश

इस घटना के बाद बांग्लादेश क्रिकेटर मोहम्मद नईम शेख ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा —“हम मैदान पर सिर्फ खेलते नहीं हैं, हम अपने देश का नाम अपने सीने पर लेकर चलते हैं। हमारे देश का झंडा हमारी जर्सी पर ही नहीं बल्कि हमारे खून में होता है। हर रन, हर बॉल और हर सांस के साथ हम इस झंडे को गौरवान्वित करने की कोशिश करते हैं।”

नईम ने आगे लिखा, “हां, हमसे गलतियां होती हैं। जीत और हार खेल का हिस्सा है। हमें पता है कि हमारी हार से आपको दुख होता है, लेकिन जिस तरह हम पर नफरत दिखाई गई, हमारी गाड़ियों पर हमला किया गया, वो बहुत दर्दनाक है। हम भी इंसान हैं, लेकिन हमारे दिल में देश के लिए प्यार और समर्पण कभी कम नहीं होता।”

‘हम प्यार चाहते हैं, नफरत नहीं’

नईम शेख ने अपने संदेश के अंत में लिखा —“हम आलोचना से नहीं डरते, लेकिन वह तर्क के साथ होनी चाहिए, न कि गुस्से के साथ। हम सभी एक झंडे के बच्चे हैं। जीतें या हारें, झंडा हम सभी के गर्व का प्रतीक है, गुस्से का नहीं। हम फिर से उठेंगे, देश के लिए, आपके लिए और इस झंडे के लिए।”

Youthwings