Balrampur News: बलरामपुर में इंसानियत शर्मसार, बच्चों के साथ हैवानियत की हदें पार, मचा आक्रोश

Balrampur News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। खेत से मटर तोड़ने के शक में गांव के नाबालिग बच्चों को रस्सियों से हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीटा गया। बच्चों के साथ की गई इस अमानवीय हरकत का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लडुवा का बताया जा रहा है।

पीड़ित बच्चों के पिता ने राजपुर थाने में इस घटना की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि मासूम बच्चों को बुरी तरह पीटा गया, जिससे वे मानसिक रूप से बुरी तरह सहमे हुए हैं। घटना के बाद से बच्चों में डर का माहौल है और परिवार सदमे में है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। वीडियो में नजर आ रहे आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ कहा है कि नाबालिग बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दी जाएगी।

इलाके में आक्रोश, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

घटना सामने आने के बाद गांव सहित आसपास के इलाकों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने बच्चों के साथ हुई इस क्रूरता की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की जा रही है।

Youthwings